उधमपुर। जिले में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा फिर से बढ़ने लगा है। बुधवार को जहां सात नए मामले सामने आए थे वहीं वीरवार को दस लोग संक्रमित मिले हैं। वहीं, मात्र एक व्यक्ति महामारी को मात देने में कामयाब रहा है। इससे जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। वीरवार को नए मामले मिलने पर उनके संपर्क में आए लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है।
कुछ दिनों से जिले में कोरोना के मामलों कमी हो रही थी। लेकिन बुधवार से संख्या में फिर से बढ़ोतरी हुई है। जहां बुधवार को शाम तक सात लोग संक्रमित पाए गए थे वहीं वीरवार को इसमें उछाल के बाद दस और नए मामले मिले हैं। इनमें सबसे अधिक चार लोग रामनगर ब्लॉक के हैं। इसके अलावा तीन व्यक्ति बंसतगढ़, एक चिनैनी और दो उधमपुर के शहरी क्षेत्र के हैं। संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी होने पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ी है।
संक्रमितों के सपर्कमें रहने वाले सभी लोगों को होम क्वारंटीन करने के साथ सबके कोरोना टेस्ट भी करवाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 11320 हो गए हैं। इनमें से 11146 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 136 की मौत हो चुकी है। जिले में मौजूदा समय में 38 मामले सक्रिय हैं।