उधमपुर। वैक्सीन की कमी के कारण बुधवार को एक बार फिर से कम लोगों को वैक्सीन लगाई जा सकी है। शाम तक केवल 1851 लोगों को ही वैक्सीन लग सकी। नया स्टाक न पहुंचने के कारण ही वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या में कमी आई है। वीरवार को भी इनकी संख्या में गिरावट रहने की संभावना है।
जिले में वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या में कभी कमी आ रही है तो कभी अचानक से बढ़ोतरी हो रही है। वैक्सीन कम होने पर हजारों लोगों को बिना वैक्सीन लगवाए लौटना पड़ता है। बुधवार को भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला है। वैक्सीन लगवाने के लिए हजारों की संख्या में लोग वैक्सीन सेंटर में पहुंच गए थे। लेकिन वैक्सीन की कमी के कारण ज्यादातर लोगों को बिना वैक्सीन के ही लौटना पड़ा।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार वीरवार को एक स्वास्थ्य कर्मचारी ने पहली, छह फ्रंट लाइन वर्कर्स ने पहली और 15 ने दूसरी, 18 से 44 आयु वर्ग में 1238 लोगों ने पहली और 14 ने दूसरी, 45 से 60 आयु वर्ग में 70 लोगों ने पहली और 368 ने दूसरी, सात वरिष्ठ नागरिकों ने पहली और 132 ने दूसरी डोज लगवाई है। स्वास्थ्य विभाग के पास शाम तक कुल 1520 डोज बची हुई थी। अगर रात तक नया स्टाक नहीं पहुंचता है तो वीरवार को बहुत कम लोगों को वैक्सीन लगेगी और कई वैक्सीन सेंटर में एक भी डोज नहीं लग सकेगी।