उधमपुर। जम्मू-कश्मीर में 100 से अधिक रिलायंस स्टोर खोलने के विरोध में व्यापार मंडल और एशोसिएट चैंबर ऑफ कामर्स की तरफ से मंगलवार को संयुक्त प्रेसवार्ता हुई। इसमें दोनों प्रधान ने व्यापारियों से बुधवार को बंद को सफल करने में सहयोग की अपील की। इस कारण बुधवार को जिले में दुकानें बंद रहेंगी वहीं, व्यापारी और दुकानदार प्रदर्शन कर रोष जताएंगे।
व्यापार मंडल के प्रधान जितेंद्र वरमानी ने कहा कि व्यापार मंडल बुधवार को पूरे जिले में हड़ताल करेगा और इसमें रामनगर, चिनैनी, मजालता के व्यापारी और दुकानदार भी पूरा सहयोग करेंगे। सरकार ने रिलायंस के स्टोर खोलने की अनुमति देकर छोटे व्यापारियों को खत्म करने का प्रयास किया है। बुधवार को दुकानों के साथ रेहड़ी-फड़ी भी पूरी तरह से बंद रहेगी। किसी तरह का कोई व्यापार नहीं होगा। सरकार के इस निर्णय से सभी व्यापारियों का व्यापार बुरी तरह से प्रभावित हो जाएगा और आम आदमी परेशानी से जूझने को मजबूर हो जाएगा। इससे पहले सभी राजनीतिक पार्टियों का सहयोग करते हुए दुकानों और व्यापार को बंद करते थे, लेकिन अब अपनी समस्याओं को लेकर बंद करेंगे। उन्होंने बताया कि सब्जी मंडी को भी पूरी तरह से बंद रखा जाएगा। दुकानदारों के समर्थन से ही इसको कामयाब बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि दुकानों को बंद रखने के बाद दोपहर 12 बजे सभी इंदिरा चौक पर एकजुट होकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे।
चैंबर आफ कामर्स के प्रधान शाम स्वरूम कल्सोत्रा ने कहा कि जम्मू से आह्वान की गई हड़ताल का पूरा समर्थन करते हैं। व्यापारी एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहा है। अगर उनका व्यापार खत्म हो गया तो आनी वाली पीढ़ी को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। समय के मुताबिक बदलाव होते हैं। बदलाव हमारे समाज का ही एक हिस्सा है। शहरों में मल्टी स्टोर, मेगा स्टोर खुलते हैं, लेकिन इनको धीरे धीरे खोला जाता है। लेकिन जम्मू-कश्मीर में अचानक से 100 से अधिक स्टोर खोलने का आदेश जारी कर दिया गया है। इससे व्यापारी पूरी तरह से खत्म हो जाएगा।