चिनैनी। एसडीएम परवेज अहमद नायक ने कार्यालय में बुधवार को बैठक का आयोजन कर सर्दियों के इंतजामों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए, ताकि बर्फबारी के बाद मार्ग बंद न हों।
एसडीएम ने पर्यटन स्थल पटनीटॉप में हिमपात के दौरान सैलानियों की आवाजाही को देखते हुए पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार दो अतिरिक्त स्नो मशीनें रखने के निर्देश दिए हैं। बैठक में कहा गया कि सर्दियों में बर्फबारी को लेकर विभिन्न विभाग अपने प्रबंध कर लें। सड़कें ज्यादा समय तक बंद न रहें, और बिजली, पानी, राशन, आदि की समस्या न आए।
उन्होंने कहा कि बिजली और जल शक्ति विभाग अभी से अपने कर्मियों को आगाह कर दें, ताकि आने वाले दिनों में हिमपात के दौरान लोगों को पानी, बिजली के लिए परेशान न होना पड़े। जबकि, फूड एंड सप्लाई विभाग राशन डिपो पर पर्याप्त राशन रखे। साथ ही वन विभाग डिपो में जलाने वाली लकड़ी रखे।