उधमपुर। जम्मू-कश्मीर टीचर मास्टर एसोसिएशन की बैठक का आयोजन रविवार को हुआ, जिसमें शिक्षकों ने वेतन विसंगतियों को दूर करने व अन्य कई लंबित मांगों को लेकर चर्चा की और सरकार से जल्द मांगों को पूरा करने की अपील की।
बैठक का आयोजन राज्य प्रधान राकेश सिंह के नेतृत्व में हुआ। उन्होंने कहा कि कई बार मांग करने के बाद भी सरकार की तरफ से वेतन विसंगतियों को दूर नहीं किया गया है। कई बार इस मांग को अधिकारियों के सामने रख चुके हैं। अधिकारियों की तरफ से इसको लेकर केवल आश्वासन दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वेतन विसंगतियों को दूर न किए जाने के कारण शिक्षकों को आर्थिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। इसी कारण उनको सातवें वेतन आयोग का भी पूरी तरह से लाभ नहीं मिल सका है। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से उनकी प्रमोशन की मांग को भी पूरा नहीं किया जा रहा है। उनकी मांग है कि जल्द से जल्द मांगों को पूरा कर राहत प्रदान की जाए।