भद्रवाह। भारतीय सेना की ओर से सद्भावना परियोजनाओं के तहत उपजिला भद्रवाह के धारा गांव में स्थानीय लोगों के लिए एक चिकित्सा शिविर लगाया गया। आरआर भद्रवाह के क्वार्टर मास्टर के नेतृत्व में आयोजित इस कैंप में भारतीय सेना ने 500 लोगों का मेडिकल परीक्षण किया। उन्हें मुफ्त दवाएं वितरित कीं। इसमें सेना के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों की जांच की और उन्हें मुफ्त इलाज और दवाएं उपलब्ध कराईं।
क्वार्टर मास्टर ने कहा कि यह शिविर मुख्य रूप से इस क्षेत्र की स्थानीय आबादी को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया था, इस क्षेत्र में अपर्याप्त चिकित्सा सुविधाओं के बीच चिकित्सा सुविधा प्रदान करने की तरफ अधिक ध्यान देने की आवश्यकता थी। इस दौरान उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए उन्हें जीवन में स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कोरोना वायरस सहित कई बीमारियों को दूर रखता है। इसके साथ ही उन्होंने धारा क्षेत्र में मुफ्त एंबुलेंस सेवा की पेशकश की और उन्हें एक टोल फ्री नंबर प्रदान किया। जहां से वे किसी भी आपात स्थिति के समय सेना से एंबुलेंस सेवा का लाभ उठा सकते हैं। वहीं क्षेत्रवासियों ने सेना की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के संचालन के लिए सेना के निरंतर और अथक प्रयास से सेना और आवाम के बीच अच्छे संबंध स्थापित करने में मदद मिली है। क्षेत्र के लोगों ने चिकित्सा शिविर के लिए सेना का आभार जताया।