उधमपुर/रामनगर। घोरडी ब्लाक के सुलगार पंचायत में बुधवार सुबह संदिग्ध हालात में व्यक्ति का शव नाले में मिला। शिनाख्त के बाद पता चला वह शिक्षक था और मंगलवार को पिता के साथ जम्मू गया था। लेकिन घर नहीं पहुंचा।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11 बजे लोगों ने नाले में संदूर सिंह (35) पुत्र रतन सिंह का शव पड़ा देखा। नाले से करीब 150 मीटर दूर मृतक का घर था। लोगों ने इसके बारे में परिवार के सदस्यों को सूचित करने के साथ पुलिस को जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को जांच में पता चला कि मृतक लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान था और उसका इलाज चल रहा था। मंगलवार को वह अपने पिता के साथ जांच के लिए जम्मू गया था। वापस लौटने पर उधमपुर से उसने पिता को वापस भेज दिया और खुद उधमपुर में ही रहा। लेकिन फिर वह घर नहीं लौटा और बुधवार सुबह उसका शव नाले में पड़ा मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।