पुंछ। नगर के मोहल्ला डुंगस स्थित प्राचीन राधे श्याम मंदिर में मंगलवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दूसरे दिन एक यज्ञ एवं भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेते हुए भगवान श्री कृष्ण एवं श्री राधे का पूजन किया, और भंडारे में प्रसाद पाया।
मंगलवार सुबह से ही राधे श्याम मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। लोग मंदिर में भगवान के दर्शन के साथ बीती रात श्रीकृष्ण जन्म के उपरांत लगाए गए झूले में विराजमान बालगोपाल को झूला झुलाने में जुटे हुए थे। इस बीच सुबह दस बजे मंदिर प्रांगण में सर्वकल्याण के लिए यज्ञ शुरू किया गया। इसमें मंदिर समिति के सदस्यों ने भाग लेते हुए जिले के पंडितों की अगुवाई में वैदिक मंत्रों के साथ 33 कोटि देवी देवताओं का आह्वान किया, और यज्ञ में लाखों आहुतियां भेंट कीं। दोपहर 12 बजे यज्ञ की पूर्णाहुति देने के उपरांत भंडारा शुरू किया गया। इसमें कोरोना से बचाव के उपायों को अपनाते हुए अधिकतर श्रद्धालुओं को लिफाफों में बंद प्रसाद प्रदान किया गया।