पुंछ। मेंढर के गांव हरमुत्ता में एक चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक घर के बाहर मिलने से सनसनी फैल गई। उसकी पहचान मोहम्मद रियाज (35) उर्फ राजू पुत्र मोहम्मद हुसैन निवासी गांव हरमुत्ता गुरसाई के रूप में हुई है। शव के बारे में जानकारी मिलने के बाद परिजन एवं गुरसाई थाने से पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पंचनाम भर कर उप जिला अस्पताल मेंढर लाए। जहां पोस्टमार्टम कराने के उपरांत शव परिजनों के हवाले कर दिया।
परिजनों ने राजू की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से इंसाफ दिलाने की मांग की। पुलिस ने गुरसाई थाने में सीआरपीसी 174 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मेंढर में पत्रकारों से बात करते हुए मृतक के भाई हाजी मोहम्मद, उमर जावेद और भतीजे जुल्फकार ने कहा कि मोहम्मद रियाज राजू रविवार शाम चार बजे एक साथी चालक के साथ किसी काम पर जाने की बात कह कर घर से गया था। उसके बाद हमारी उससे बात नहीं हुई। सोमवार सुबह 7.30 बजे सूचना मिली कि मोहम्मद रियाज राजू का शव एक घर के बाहर पड़ा है। हमें आशंका है कि राजू की हत्या की गई है। हम पुलिस से इंसाफ की मांग करते हैं।