पुंछ में तालाशी अभियान चलाते एस ओ जी एंव सी आर पी एफ जवान
- फोटो : POONCH
पुंछ। शनिवार को सुबह राजोरी में जम्मू राजोरी पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आईईडी मिलने के बाद पुंछ में पुलिस के स्पेशल आपरेशन ग्रुप एसओजी और सीआरपीएफ की तरफ से राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास के क्षेत्रों में दिन भर तलाशी अभियान चलाया गया, जोकि देर शाम तक जारी रहा।
इस दौरान सुरक्षा बलों ने गांव खनेतर से लेकर पुंछ नगर तक सड़क के साथ लगते पहाड़ों, खेतों और पुलस्त नदी के किनारे के चप्पे चप्पे को खंगाला। तलाशी अभियान को लेकर सुरक्षा बलों के किसी भी अधिकारी द्धारा सीधे तौर पर मीडिया से कोई बात नहीं की, लेकिन अधिकारियों द्वारा इसे नियमित अभियान बताया गया।
शनिवार दोपहर पुंछ पुलिस के स्पेशल आपरेशन ग्रुप एसओजी और सीआरपीएफ की तरफ से डीएसपी आपरेशन मुनीश शर्मा के निर्देश पर में जिला मुख्यालय से सात किलोमीटर दूर स्थित खनेतर क्षेत्र में पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास के क्षेत्र तलाशी अभियान शुरू किया गया। इस अभियान में सैकड़ों की संख्या में जवानों ने भाग लेते हुए मार्ग के दोनों तरफ के पहाड़ों, जंगलों एवं पुलस्त नदी किनारे के चप्पे-चप्पे को खंगाला। ताकि क्षेत्र में अगर कोई देश समाज विरोधी तत्व मौजूद हों जो किसी नापाक हरकत को अंजाम देने के मंसूबे बना रहा हो, वह इससे अपनी नापाक हरकत को अंजाम देने से बाज आ जाए।
गौरतलब है कि नियंत्रण रेखा शांति के बीच आतंकियों द्वारा पुंछ-जम्मू में अपनी नापाक हरकतों को अंजाम देने के मंसूबे पाले जा रहे हैं। इसके चलते आईईडी प्लांट करने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।