डिग्री कालेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ने बुधवार को राष्ट्रीय एकता सप्ताह की शुरूआत की। इस मौके पर इकाई के स्वयं सेवकों ने स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के पहले दिन 45 स्वयं सेवकों ने स्लोगन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
पहले दिन के कार्यक्रम का आगाज कालेज के प्रिंसिपल बीएल गुप्ता ने दीप जलाकर किया। इस मौके पर श्री गुप्ता ने कहा कि युवाओं को देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के जीवन से प्रेरणा लेकर देश में राष्ट्रीय एकता की अलख जगानी चाहिए।
उन्होेंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से युवाओं को राष्ट्रीय एकता की प्रेरणा मिलती है इसलिए इस तरह के कार्यक्रम लगातार होते रहने चाहिए।
वहीं इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. राम सिंह ने कहा कि स्लोगन लेखन का मुख्य उद्देश्य समाज में हर वर्ग को एकता के सूत्र में पिरोना है।
उन्होंने कहा कि स्लोगन के माध्यम से हर वर्ग के अंदर आपसी भाईचारे और एकता की भावना को जगाना है। उन्होंने कहा कि युवा आज अपना अधिकतर समय अन्य कार्यक्रमों में बिता देते हैं।
इस प्रकार के कार्यक्रमों से उनमें राष्ट्रीय एकता की भावना जागृत होगी और वह देश हित और आपसी भाईचारे और एकता को बढ़ावा देने में मदद करेंगे।
उन्होंने कहा कि स्वंयसेवियों को इस संदेश को घर घर तक पहुंचाकर अपने सामाजिक कर्तव्य का निर्वाह करना है।