हटली मोड़ में पाकिस्तान सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू का पुतला ?
- फोटो : KATHUA
कठुआ। पंजाब के लुधियाना स्थित न्यायालय परिसर में गत वीरवार को हुए बम धमाके के लिए आल इंडिया काउंटर टेरिरिज्म फ्रंट ने पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया है। शुक्रवार को फ्रंट के सदस्यों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए पाकिस्तान सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा के साथ पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू के चित्र जलाकर अपने गुस्से का इजहार किया।
इस मौके पर फ्रंट के चेयरमैन सुरेंद्र सिंह ने घटना को पंजाब को एक बार फिर अशांत करने का पाकिस्तानी प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि घटना की प्राथमिक जांच में जिस तरह के तथ्य सामने आ रहे है। उससे साफ हो जाता है यह प्रयास पाकिस्तान में बैठे कट्टरपंथी संगठनों का हो सकता है। क्योंकि इससे पहले भी पंजाब में पिछले कुछ समय में बार्डर पार से आए कई टिफिन बम और हैंड ग्रेनेड पकड़े जा चुके हैं। ऐसे में संभव है कि उक्त साजिश भी पाकिस्तान की हो सकती है। वहीं उन्होंने पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पाकिस्तान देश में अशांति फैलने का लगातार प्रयास कर रहा है। वहीं सिद्धू पाक प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख से गले मिलते हैं। ऐसे में इस तरह की घटना में उनकी भूमिका भी संदेह के घेरे में लिहाजा इसकी जांच की जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से इस मामले में पूरी गंभीरता से जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
इस मौके पर फ्रंट के जम्मू कश्मीर प्रधान सुरेश गुप्ता, सचिव सतपाल मजोत्रा, जिला प्रधान विशाल भारद्वाज, उपप्रधान मोहिंदर सिंह, जगतार सिंह, अमनदीप सिंह आदि उपस्थित रहे।