हीरानगर। कंडी क्षेत्र के गांव सपरैन में पिछले 15 दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने के कारण लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को सूचित करने के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। मजबूरन हमें सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
स्थानीय निवासी सुनील सिंह ने कहा कि ट्यूबवेल में मोटर की खराबी के कारण 15 दिनों से भी अधिक समय से पानी सप्लाई बंद पड़ी है। इस गांव के अलावा आसपास के भी कई गांवों में लोग पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने कहा पानी सप्लाई बंद होने के कारण लोग पैसे देकर पानी के टैंकर खरीदने पड़ रहे हैं और जो खरीदने में असमर्थ हैं वह पैदल पानी ढो रहे हैं। कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों से समस्या के समाधान की गुहार लगाई लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इसलिए अब गांव के लोगों के पास सड़कों पर उतरने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।