कठुआ। मुट्ठी जागीर इलाके में वीरवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में हुए तीन युवकों की मौत मामले में परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार सुबह दस बजे के लगभग जम्मू पठानकोट नेशनल हाईवे पर उतरे परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की। लगभग एक घंटे तक हाईवे को जाम रखने के बाद परिजन पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर शांत हुए। इसके बाद यातायात बहाल हो गया।
जीएमसी कठुआ के सामने जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे पर उतरे परिजनों और ग्रामीणों ने कहा कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन का चालक नशे में धुत्त था। आरोप है कि पुलिस उसे बचाने का प्रयास कर रही है और उसकी जगह किसी और को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की मेडिकल जांच भी नहीं करवाई गई है। परिजनों और ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस के अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास करते रहे लेकिन वे आरोपी को पकड़ने की मांग पर अड़े रहे। समझाने पहुंचे एडिशनल एसपी सुरेश चिब और तहसीलदार कठुआ गौरव शर्मा ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया जिसके बाद प्रदर्शनकारी राष्ट्रीय राजमार्ग से हट गए।
गौरतलब है कि वीरवार देर शाम मुट्ठी जागीर इलाके में सड़क किनारे खड़े तीन युवकों को एक तेज रफ्तार स्कार्पियों ने रौंद दिया था। जीएमसी कठुआ में भर्ती किए गए तीनों युवकों को डाक्टरों ने मृत लाया घोषित किया।
पुलिस किसी दबाव में काम करने वाली नहीं
मौके पर पहुंचे एसएसपी कठुआ रमेश चंद्र कोतवाल ने कहा कि मामले में पुलिस किसी भी दबाव में काम करने वाली नहीं है। जो भी व्यक्ति गाड़ी को चला रहा था, उसपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान की जा रही है। गाड़ी में से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसका फोन है उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और दूसरे की तलाश जारी है।