वाहन चोरी के आरोप में पुलिस की गिरफ्त में आए एक शातिर के वाहन चोर बनने की कहानी सुनकर पुलिस भी दंग रह गई। युवक ने पुलिस को बताया कि वाहन चोरी की पहली वारदात उसने अपनी प्रेमिका के कहने पर की।
राजधानी जयपुर के हरमाड़ा थाना पुलिस ने वाहन चोर गैंग को पकड़ा है। वाहन चोरी के आरोप में पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर समेत पांच शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया था। गैंग के कब्जे से पांच चौपहिया लक्जरी वाहन और 15 दुपहिया वाहन बरामद किए है। दरअसल, गत 22 दिसंबर को लोहामंडी रोड पर 4 सी कॉलोनी से एक बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने इस गैंग में शामिल निवाणा, शाहपुरा निवासी आरोपी सायर सिंह उर्फ बंटी की तलाश थी।
पुलिस ने बंटी को गिरफ्तार कर उसकी गैंग के अन्य साथियों को भी धरदबोचा। इसके बाद चौमूं में एक मोटर गैराज में छिपाकर रखी चोरी के 20 वाहन बरामद किए।
बंटी ने बताया 'उसने' चाबी देकर ये कहा...
गैंग का पर्दाफाश
- फोटो : Demo pic
आरोपी सायर सिंह उर्फ बंटी से पूछताछ में सामने आया कि वह पिछले साल जोबनेर थाना, जयपुर ग्रामीण इलाके में एक वाहन चोरी के केस में गिरफ्तार हो चुका है। उसका एक युवती से लव अफेयर था।
एक बार उसकी प्रेमिका ने अपने चाचा की कार की चाबी देकर कहा , 'यह मेरी तरफ से गिफ्ट है...रात को दरवाजे का गेट खुला मिलेगा। इस चाबी से चाचा की कार ले जाना।'
प्रेमिका के कहने पर उसी रात सायर सिंह अपनी प्रेमिका के चाचा की कार को चुराकर ले गया। बाद में इसी कार में घूमते वक्त गिरफ्तार भी हो गया और कार को जब्त कर पुलिस ने सायर सिंह को जेल भेज दिया। जेल में उसकी मुलाकात चौमूं थाने के हिस्ट्र्रीशीटर लोकेश जांगिड उर्फ नूतन से हुई। इसके बाद वह जेल से जमानत पर बाहर आकर हिस्ट्रीशीटर लोकेश के ईशारे और आर्डर पर वाहन चोरी की वारदातें करने लगा और कई वाहन चुरा लिए। मामले में हरमाड़ा थाना पुलिस ने सायर सिंह, हिस्ट्रीशीटर लोकेश जांगिड़ सहित पांच वाहन चोरों को गिरफ्तार किया था।
इसके अलावा पुलिस ने लोहामंड़ी रोड निवासी मकान मालिक नंदलाल शर्मा को गिरफ्तार किया। जिसके यहां आरोपी सायर सिंह किराए से रहता था। चोरी की गाड़ी वहीं खड़ी करता था, लेकिन मकान मालिक नंदलाल ने इन किराएदारों का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं करवाया था।