कोर्ट परिसर में आरोपी पर हमला करती महिलाएं
- फोटो : amar ujala
प्रदेश में आज एक बार फिर कोर्ट परिसर में पेशी पर लाए गए आरोपी पर हमले की घटना सामने आई है।
अजमेर के जिला एवं सेशन न्यायालय में उस समय हड़कंप मच गया जब शराब तस्कर को मौत के घाट उतारने वाले बदमाश पर अचानक हमला हो गया। इससे एकबारगी तो चालानी गार्ड के भी हाथ-पांव फूल गए। गार्ड ने जैसे-तैसे हत्यारे युवक को बचाकर पुलिस की जीप में बैठाया। अजमेर के जिला एवं सेशन न्यायालय में शराब तस्कर श्रवण सांसी के हत्यारे हरियाणा निवासी दीपक मलिक को आज पेशी पर लाया गया। इस दौरान मृतक श्रवण सांसी के परिवार की कई महिलाएं कोर्ट परिसर में पहले से मौजूद थीं। जैसे ही उन्होंने दीपक मलिक को देखा तो उस पर हमला कर दिया।
महिलाओं ने गाली-गलौज के साथ ही मलिक पर जूते-चप्पल और पत्थर फेंके। इससे सकते में आए चालानी गार्ड उसे बचाकर जीप तक ले गए और वापस जेल छोड़ा। वहीं कोर्ट में मौजूद पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को भी काबू में किया। उधर, स्थानीय सिविल लाइंस थाना पुलिस और अधिकारियों को भी इसकी भनक तक नहीं लगी। जब उनसे इस बारे में जानकारी चाही गई तो उन्होंने अनभिज्ञता जाहिर की।