फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुर्खियां: आज दीपथून पर जलेगा पारंपरिक दीप; बिसलेरी पर फिर मुकदमे की मंजूरी; परिसीमन बिल पर कांग्रेस की बैठक

Sat, 28 Nov 2026 05:49 AM IST
देवेश त्रिपाठी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
देश-दुनिया की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
आज शनिवार, 28 नवंबर 2026 की सुबह देश-दुनिया की बड़ी और हलचल भरी खबरों के साथ आपका अमर उजाला हाजिर है। देश में कार्तिगई दीपम विवाद से लेकर संसद में परिसीमन विधेयक की संभावित वापसी तक कई मुद्दों पर राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज है। तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद शनिवार को दीपथून पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक दीप जलाया जाएगा। वहीं, खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने पश्चिम बंगाल में प्लांट से लिए गए पानी के नमूने जांच में असुरक्षित पाए जाने के बाद बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ एक और मामले में मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। दूसरी ओर, सीडीएस जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने चीन और तुर्किये की मदद से पाकिस्तान की अंतरिक्ष क्षमताएं बढ़ने की आशंका जताई है। सर्दियों के मौसम में कोहरे के कारण उत्तर रेलवे दिल्ली मंडल की 25 ट्रेनों को एक दिसंबर से 28 फरवरी तक रद्द करेगा। संसद के विशेष सत्र से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्षी नेताओं की बैठक बुलाई है। आर्थिक मोर्चे पर एआई के कारण पांच वर्षों में 2.4 करोड़ नौकरियां प्रभावित होने का अनुमान है। वहीं, चावल की कीमतों में सालाना 12.5 प्रतिशत वृद्धि के साथ सर्दियों में चिकन और अंडे भी महंगे होने की आशंका है। देश-दुनिया की ये सभी बड़ी खबरें विस्तार से पढ़ें एक जगह और एक ही क्लिक में...
विज्ञापन
Trending Videos

सीआरपीएफ आज जलवाएगी दीप - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
'सुप्रीम' आदेश का होगा पालन: आज जलेगा दीपथून स्तंभ पर जलेगा दीप, तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर सीआरपीएफ तैनात
तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम विवाद को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद शनिवार यानी आज मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक दीप जलाया जाएगा। इस मामले में पहाड़ी पर दीप जलाने के आदेश का पालन नहीं होने पर सुप्रीम कोर्ट ने प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई थी। पढ़ें पूरी खबर... 

एफएसएसएआई ने दी अभियोजन की मंजूरी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ीं: एफएसएसएआई ने दी मुकदमा चलाने की मंजूरी, बंगाल में भी पानी का नमूना निकला असुरक्षित
खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने पैकेज्ड पेयजल निर्माता कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ एक और मामले में मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। पश्चिम बंगाल में कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के नमूने के प्रयोगशाला जांच में असुरक्षित पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है। पढ़ें पूरी खबर...

सीडीएस का सेना को बड़ा संदेश - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
'चीन की मदद से बढ़ रही पाकिस्तान की ताकत': सीडीएस राजा सुब्रमणि ने दी चेतावनी, भारत की तैयारियों पर क्या बोले?
पाकिस्तान की अंतरिक्ष क्षमताओं पर सीडीएस जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कहा कि चीन की मदद से पाकिस्तान की अंतरिक्ष क्षमता में सुधार हो रहा है। इसके अलावा, पाकिस्तान का अपना संगठन सुपारर्क (SUPARCO) भी अपनी क्षमताओं को विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है। हमें यह भी मानकर चलना होगा कि तुर्किये से भी पाकिस्तान को मदद मिलेगी। पढ़ें पूरी खबर...

सांकेतिक चित्र - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
उत्तर रेलवे: कोहरे के कारण दिल्ली से चलने वाली 25 ट्रेनें तीन महीने तक रहेंगी रद्द, आदेश 1 दिसंबर से प्रभावी
सर्दियों में बढ़ते कोहरे के कारण उत्तर रेलवे ने दिल्ली मंडल की 25 ट्रेनों को एक दिसंबर से 28 फरवरी तक रद्द करने का फैसला किया है। इससे दिल्ली से शामली, जींद, गाजियाबाद, मेरठ और आसपास के शहरों में आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। पढ़ें पूरी खबर...

परिसीमन विधेयक पर सियासी घमासान - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
कांग्रेस की बैठक आज: परिसीमन विधेयक से पहले विपक्ष को एकजुट करने की तैयारी, आप-द्रमुक को भी न्योता; आगे क्या?
संसद में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को दोबारा पेश किए जाने की अटकलों के बीच विपक्ष ने सरकार के कदम का मुकाबला करने की तैयारी शुरू कर दी है। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार यानी आज अपने आवास पर विपक्षी दलों के सदन में नेताओं की बैठक बुलाई है। इसमें सरकार के संभावित कदम के खिलाफ साझा रणनीति तैयार की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर...

संसद सत्र - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
परिसीमन-महिला आरक्षण पर कैसे पलटी सियासी तस्वीर?: शर्त तो महज बहाना, सत्ता में भागीदारी की चाह ने बदले समीकरण
इसी साल मई में आए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे से बदली सियासी तस्वीर ने परिसीमन व महिला आरक्षण विधेयक पर सियासी बाजी पलट दी। चुनाव की घोषणा से नतीजे आने के बाद जहां चार दल टूट के शिकार हुए तो इतने ही दलों के रुख में अचानक आए बदलाव ने सरकार को विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी दो तिहाई बहुमत की दहलीज पर पहुंचा दिया। अब समर्थन के एवज में द्रमुक, एनसीपी (एसपी), अकाली दल जल्द ही सत्ता का स्वाद चख सकते हैं। पढ़ें पूरी खबर...

100 से ज्यादा पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल के इस्तेमाल का खुलासा - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
हिंदू नामों से दंगा भड़काने की साजिश: आईएसआई बेनकाब, 100 से अधिक पाकिस्तानी फर्जी सोशल मीडिया हैंडल मिले
सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा पार पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई की शह से संचालित एक बड़े पाकिस्तानी डिजिटल दुष्प्रचार नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस साल 13 सितंबर से 18 नवंबर के बीच चलाए गए अभियान में एजेंसियों ने 100 से अधिक फर्जी सोशल मीडिया हैंडल का पर्दाफाश किया। इस दौरान इन खातों से 28 बड़े झूठे दावे फैलाए गए। बताई गई अवधि में इन झूठी व भ्रामक पोस्ट्स को 28 लाख से ज्यादा बार देखा गया था। पढ़ें पूरी खबर...

एआई से करोड़ों नौकरियों पर संकट - फोटो : अमर उजाला प्रिंट
जेपी मॉर्गन का अनुमान: एआई से पांच साल में 2.4 करोड़ नौकरियों पर संकट, क्या बदल जाएगा कामकाज का तरीका?
एआई के बढ़ते इस्तेमाल से अगले पांच वर्षों में दुनियाभर में करीब 2.4 करोड़ नॉलेज-वर्कर (बौद्धिक कार्य करने वाले) नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं। जेपी मॉर्गन वेल्थ मैनेजमेंट की एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार, कर्मचारी जो काम करते हैं, कंपनियां उन्हें एआई से बदल रही हैं, जिससे हर साल वैश्विक कार्यबल का लगभग 1.3% हिस्सा प्रभावित होने का अनुमान है। पढ़ें पूरी खबर...

RICE - फोटो : अमर उजाला प्रिंट
एक्सप्लेनर: रिकॉर्ड भंडार के बावजूद क्यों महंगा हो रहा चावल? बढ़ती कीमतों से बिगड़ा महंगाई का गणित
दक्षिण भारत में लोकप्रिय चावल की कुछ किस्मों की कीमतें पिछले एक साल में लगभग दोगुनी हो गई हैं। इससे सरकारी भंडार रिकॉर्ड स्तर पर होने के बावजूद अक्तूबर में राष्ट्रीय औसत कीमत एक साल पहले की तुलना में 12.5 फीसदी बढ़ गई। इस बढ़ोतरी ने खाद्य महंगाई को करीब दो साल के उच्चतम स्तर पर पहुंचा दिया है। इससे कीमतों को काबू में रखने के सरकारी प्रयास जटिल हो गए हैं, क्योंकि दूध, दालें, चीनी और सब्जियों सहित कई अन्य खाद्य वस्तुएं भी महंगी हो गई हैं। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

सर्दियों में महंगा होगा चिकन-अंडा खाना - फोटो : अमर उजाला प्रिंट
ठंड के साथ बढ़ेंगी चिकन-अंडे की कीमतें?: पोल्ट्री उद्योग ने जताई आशंका, जानिए कितने बढ़ सकते हैं दाम
सर्दियों के मौसम में जब अंडे और चिकन की खपत अपने चरम पर होती है, ठीक उसी वक्त आम आदमी की थाली का बजट बिगड़ने के संकेत मिल रहे हैं। कृषि कमोडिटी शोध संस्था आईग्रेन इंडिया के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, इस बार सर्दियों में चिकन और अंडा खाना महंगा हो सकता है। उद्योग संगठन ऑल इंडिया पोल्ट्री ब्रीडर्स एसोसिएशन ने आशंका जताई है कि कच्चे माल की बढ़ती लागत के चलते खुदरा बाजार में चिकन 40 से 50 रुपये प्रति किलो और अंडे 3 से 4 रुपये प्रति नग तक महंगे हो सकते हैं। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें