तृणमूल कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि अमताली में प्रचार कर रहीं उनकी सांसद सुष्मिता देव पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। देव को कुछ चोटें भी आईं और उनकी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूत्रों के मुताबिक सुष्मिता को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया। बाद में सुष्मिता ने अमताली पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
विज्ञापन
हमले के तुरंत बाद टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने ट्वीट किया, भाजपा शासित त्रिपुरा में गुंडाराज जारी। विपक्षी नेताओं पर हमले का नया रिकॉर्ड कायम किया जा रहा। लेकिन जनता सब देख रही है। चुनाव में इसका जवाब दिया जाएगा। वहीं पुलिस के मुताबिक सुष्मिता के जनसंपर्क की सूचना पूर्व में नहीं दी गई थी जिस कारण वहां सुरक्षा के इंतजाम नहीं थे। कुछ शरारती तत्वों ने उनकी कार तोड़ दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुष्मिता देव ने कहा कि हमारे आउटरीच कार्यक्रम के दौरान कुछ गुंडों ने हमारी कारों पर हमला किया। उन्होंने हमारे कार्यकर्ताओं को पीटा। साफ है कि भाजपा 'भारतीय गुंडा पार्टी' बन गई है। सुष्मिता ने कहा कि सीएम बिप्लब देब उन्हें सुरक्षा दे रहे हैं। हमलावरों ने मुंह ढकने की भी जहमत नहीं उठाई। सीएम किसी काम के नहीं रह गए हैं।
वहीं, अम्तली थाना के प्रभारी अधिकारी सिद्धार्थ कर ने कहा कि दोपहर करीब डेढ़ बजे हमें सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने दो कारों पर हमला किया है। हमारे चार अधिकारी तुरंत वहां पहुंचे और उन्हें (टीएमसी कार्यकर्ताओं) बचाया। उन्होंने शिकायत दर्ज कराई, हम इसे दर्ज करेंगे और जांच करेंगे।