पूर्व विधायक और पश्चिम बंगाल कांग्रेस के दिवंगत अध्यक्ष सोमेन मित्रा की पत्नी शिखा मित्रा रविवार को तृणमूल कांग्रेस का थामेंगी। उन्होंने शनिवार को इस बात की जानकारी दी। इससे पहले उन्होंने 2014 में राजनीति को अलविदा कह दिया था। टीएमसी में शामिल होने के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि मैं रविवार को तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने जा रही हूं। मैंने एक बार फिर से पार्टी में शामिल होने का फैसला किया है, क्योंकि मेरा अनुभव कहता है कि आप राजनीतिक मंच के बिना लोगों के भले के लिए काम नहीं कर सकते। बड़ा काम करने के लिए बड़े मंच की जरुरत होती है।
बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है
रिपोर्ट्स की मानें तो कुछ दिन पहले टीएमसी सांसद माला राय शिखा से मिलने उनके घर गई थीं। पार्टी में शामिल होने के अलावा माला ने शिखा से तृणमूल के संगठन बंग जननी में बड़ी जिम्मेदारी के साथ काम करने की भी पेशकश की थी, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है।
कई दिन से टीएमसी में शामिल होने की अटकलें थीं
बता दें कि 17 अगस्त को सोमेन की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शिखा को फोन किया था। इसके अलावा माला और चौरंगी से तृणमूल विधायक नयना बनर्जी ने भी शिखा से बात की थी। मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के तौर पर कुणाल घोष भी शिखा के घर गए थे। तभी से शिखा के तृणमूल में लौटने के कयास लगने लगे थे।
टीएमसी के साथ दूसरी पारी
शिखा मित्रा की बंगाल में सत्ताधारी पार्टी के साथ उनकी दूसरी पारी होगी। 2008 में वह पति सोमेन मित्रा के साथ तृणमूल में शामिल हुई थीं। शिखा ने सियालदह विधानसभा सीट से उपचुनाव भी जीता था।