कांग्रेस ने चीन के साथ 13वें दौर की बातचीत बेनतीजा रहने और चीन के पीछे हटने से इनकार करने पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने चीन को लेकर प्रकाशित खबरों पर तंज कसते हुए पीएम पर इशारों में हमला बोला है। राहुल ने ट्वीट किया कि ‘मिस्टर 56’ लाल आंख क्यों नहीं दिखा देते।
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भी चुटकी लेते हुए कहा कि पूरा विश्व इन लाइनों को जानता है, 'न कोई घुसा था, न कोई आया था और न कोई घुसा हुआ है।' खेड़ा ने आगे कहा कि यूपीएससी या कौन बनेगा करोड़पति में सिर्फ ये लाइनें डाल दें सबको मालूम पड़ जाएगा ये किसने बोला था। खेड़ा ने कहा, 'मैं आज प्रधानमंत्री को नई उपाधि मिस्टर क्लीन चिट की देना चाहता हूं। मिस्टर क्लीन चिट ने चीन को 19 जून 2020 को एक क्लीन चिट दी थी।' ये पीएम का गैर जिम्मेदाराना बयान था। इस बयान की वजह से हमारे गलवान, गोगरा, हॉट स्प्रिंग के एक हिस्से को लेकर जो भी कारनामे हुए हैं, जो भी समझौते हुए हैं, ये गैर बराबरी के समझौते हैं।
कांग्रेस नेता खेड़ा ने कहा कि चीन और दुनिया समझ गई है कि भारत में एक ऐसा प्रधानमंत्री है जिसको भारत की भौगोलिक संप्रभुता से अधिक भारत की सीमाओं की सुरक्षा से अधिक अपनी कृत्रिम छवि की चिंता है। उन्होंने कहा कि आज देश को खतरा है, इस खतरे का हमें आभास होना चाहिए। सरकार को बार बार याद दिलाना पड़ेगा कि ये खतरा हमारे बॉर्डर पर मंडरा रहा है। ये पहली बार हो रहा है, इसको रोकिये।