कर्नाटक के मैसूर शहर में एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। छात्रा के साथ दरिंदगी करने वाले बदमाशों ने उसके पुरुष मित्र को भी बुरी तरह पीटा है। जानकारी के अनुसार यह घटना मंगलवार रात की है लेकिन इस संबंध में मामला बुधवार को दर्ज किया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार पीड़िता मैसूर के एक निजी कॉलेज की छात्रा है।
इस मामले में दर्ज एफआईआर के अनुसार छात्रा अपने पुरुष मित्र के साथ चामुंडी हिल्स से शाम करीब साढ़े सात बजे लौट रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और पैसे मांगने लगे। जब उन्होंने इससे इनकार किया तो उनमें से दो लोगों ने छात्रा से दुष्कर्म किया और दो ने साथी को पीटा। आरोपी अभी फरार हैं और दोनों पीड़ित अस्पताल में भर्ती हैं।
राज्य के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने इस हादसे को लेकर दुख प्रकट किया। बोम्मई ने कहा कि पीड़िता अस्पताल में भर्ती है। पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मैंने डीजीपी को निर्देश दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
वहीं, कर्नाटक के गृह मंत्री अरगा जनानेंद्र ने इस घटना को बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हमने एडीजीपी प्रताप रेड्डी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को मैसूर के लिए रवाना किया है। मैं भी कल मैसूर जाऊंगा। हम इस घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।