महाराष्ट्र में एक व्यक्ति द्वारा अपनी प्रेमिका की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक शख्स प्रेमिका के दूसरी जगह शादी करने से नाराज था इसलिए उसने लड़की को मारने का फैसला किया। शख्स नाम की उम्र 22 साल है और फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में है।
किसी और से शादी करने से था नाराज
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान मोमिनपुरा क्षेत्र निवासी मुजाहिद अंसारी (22) के रूप में हुई है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि अंसारी मृत फरजाना एजाज कुरैशी (20) के साथ रिश्ते में था। जब उसको पता चला कि फरजाना किसी और से शादी करने जा रही है तो अंसारी ने लड़की को मार डाला।
शॉपिंग मॉल में फिल्म देखने के बहाने बुलाया
एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि दो दिसंबर को आरोपी अंसारी ने फरजाना को गणेशपेठ इलाके के एम्प्रेस शॉपिंग मॉल में फिल्म देखने और मिलने के बहाने बुलाया और मॉल की चौथी मंजिल पर एक खाली कमरे में उसका गला घोंट कर मौत के घाट उतार दिया।
धारा 302 के तहत मामला दर्ज
अधिकारी ने कहा कि उसके माता-पिता द्वारा गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने अंसारी से पूछताछ की, जिसने बुधवार को हत्या की बात कबूल कर ली। अब उस पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिट्टीखदान पुलिस आगे की जांच कर रही है।