महाराष्ट्र के पालघर में भारी बारिश के कारण सड़क का एक हिस्सा धंस गया। जिस कारण से मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 9 जून को महाराष्ट्र के सिंधूदुर्ग में रेड अलर्ट जारी किया। वहीं रत्नागिरी में ऑरेज अलर्ट और पालघर, ठाणे, मुंबई, रायगढ़ में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बिजली और बारिश हो सकती है।
मुंबई आस-पास के पड़ोसी इलाकों में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई, जिससे इन इलाकों में पारा नीचे आया है। अधिकारियों ने बताया कि यहां निवासियों को भी गर्मी और उमस भरे मौसम से राहत मिली। पुलिस नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि जब भारी बारिश के कारण पालघर के मालजीपाड़ा इलाके में सड़क का एक हिस्सा धंस गया, तब पाइपलाइन समेत मरम्मत का काम चल रहा था। इससे यातायात ठप हो गया, सड़क के दोनों ओर आवाजाही बाधित रही। वहीं रविवार सुबह 5.30 बजे से ट्रैफिक जाम में फंसे कुछ लोगों ने दावा किया कि कोई भी एजेंसी समस्या का समाधान नहीं कर रही है।
बता दें कि महाराष्ट्र के ठाणे, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर, अहमदनगर, सतारा और जलगांव सहित कई अन्य जिलों में भी पिछले एक दिन में अच्छी बारिश हुई। वहीं पिछले 24 घंटे की अवधि में, मुंबई में 60 मिमी से अधिक बारिश हुई। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि ठाणे और पालघर जिलों में भी रात भर भारी बारिश हुई। जिससे कुछ इलाकों में जलभराव हो गया। उन्होंने बताया कि ठाणे शहर के कुछ इलाकों में पेड़ों की टहनियां गिरने की जानकारी मिली हैं।
मौसम विज्ञान विभाग ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 8 जून को मध्य अरब सागर, दक्षिण महाराष्ट्र, तेलंगाना और दक्षिण छत्तीसगढ़ और दक्षिण ओडिशा के कुछ हिस्सों और तटीय आंध्रप्रदेश के कुछ हिस्सों में बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने अगले 2-3 तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों और तेलंगाना में आगे बढ़ने की भविष्यवाणी भी की थी।
मुंबई में क्षेत्रीय आईएमडी कार्यालय ने शनिवार को अलर्ट जारी किया, जिसमें अपेक्षित गंभीर मौसम की स्थिति के चलते सावधानी बरतने की आवश्यकता पर बल दिया। महाराष्ट्र के लिए जिला पूर्वानुमान के अनुसार अगले 3-4 घंटों के दौरान मुंबई, ठाणे, रायगढ़ के जिलों में अलग-अलग स्थानों 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बिजली और बारिश की संभावना है।
शनिवार को भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून मध्य अरब सागर, दक्षिण महाराष्ट्र, तेलंगाना और दक्षिण छत्तीसगढ़ और दक्षिण ओडिशा के कुछ हिस्सों और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है।
बता दें कि इस साल मानसून दो दिन पहले शुरू हुआ है, जबकि सामान्यत: यह 1 जून से शुरू हो जाता है। इस साल केरल में मानसून से पहले व्यापक बारिश हुई। 2023 में मानसून के मौसम के दौरान पूरे देश में बारिश अपने दीर्घकालिक औसत का 94 प्रतिशत थी।
यहां इतनी मिमी बारिश और तापमान हुआ दर्ज
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दक्षिण मुंबई में स्थित कोलाबा वेधशाला में 67 मिमी वर्षा दर्ज की। जबकि छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास स्थित सांताक्रूज़ वेधशाला ने इसी अवधि में 64 मिमी बारिश दर्ज की। कोलाबा वेधशाला ने अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। यह सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। सांताक्रूज वेधशाला ने अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है। वहीं सतारा जैसे कुछ कृषि महत्वपूर्ण जिलों में पिछले एक दिन में 91 मिमी बारिश दर्ज हुई। नासिक में 64 मिमी, अहमदनगर में 57 मिमी, छत्रपति संभाजीनगर में 51 मिमी और जलगांव में 41 मिमी बारिश दर्ज की गई। रविवार को सुबह 8.30 बजे समाप्त हुए 24 घंटे की अवधि में ठाणे शहर में 37.06 मिमी बारिश हुई। वहीं ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि रविवार को रात 12.30 से 1.30 बजे के बीच अधिकतम 16.76 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि सुबह 3.30 से 4.30 बजे के बीच 10.93 मिमी बारिश हुई।