पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने से गुरुवार को कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिवारों के लिए दो-दो लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है। पुलिस ने बताया कि मृतकों में मणिचक थाना क्षेत्र निवासी दो नाबालिग और माला थाना क्षेत्र के साहापुर निवासी तीन लोग शामिल हैं। वहीं दो अन्य लोग गजोल थाना क्षेत्र के अदीना और रतुआ थाना क्षेत्र के बालूपुर के रहने वाले थे।
पुलिस ने बताया कि हरीशचंद्रपुर के एक खेत में काम कर रहे दंपति की भी आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, आकाशीय बिजले की चपेट में आकर जान गंवाने वाले बाकी लोग इंग्लिशबाजार और मणिचक थाना इलाके के निवासी थे।
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, 'मालदा में दुखद बिजली गिरने के कारण अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। मैं इस कठिन समय के दौरान उनके प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। मेरे विचार और प्रार्थनाएं घायलों के साथ हैं और मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं। हमारा जिला प्रशासन प्रभावितों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए अथक प्रयास कर रहा है। हम जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए अपनी क्षमता से सब कुछ करेंगे।'