फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलीगढ़ के टप्पल में कुंए की सफाई करने गए पांच लोगों की मौत

Sat, 17 Sep 2016 10:09 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, जट्टारी (अलीगढ़)
विज्ञापन
- फोटो : amarujalA
विज्ञापन
यमुना पट्टी पर बसे टप्पल क्षेत्र के गांव पालर में शनिवार दोपहर नलकूप के कुएं में जहरीली गैस बनने से एक महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब किसान कुएं की सफाई के लिए उतरा। तभी गैस से दम घुटने पर वह चीखा तो उसकी चीख पर बचाने उतरे महिला सहित चार अन्य लोग भी गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए और कुएं में गिर गए।
विज्ञापन


बाद में उन्हें किसी तरह निकालकर कैलाश अस्पताल ले जाया गया। जहां पांचों को मृत घोषित कर दिया। इस खबर पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ थाने पर एकत्रित होकर आ गई। गुस्साई भीड़ ने मुआवजे और जिलाधिकारी को बुलाने को लेकर पहले पलवल मार्ग पर और बाद में यमुना एक्सप्रेस वे पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसएसपी ने भीड़ को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। 

घटनाक्रम के अनुसार पालर निवासी किसान यदुवीर (25) का गांव से 800 मीटर दूरी पर यमुना की ओर खेतों पर 30 फिट गहरे कुएं का नलकूप बना हुआ है। जहां दोपहर में वह अपनी मां के साथ बाजरा की फसल की सिंचाई के लिए गया हुआ था। इस दौरान कुएं की मोटर में कोई खराबी आ गई और यदुवीर उसकी सफाई के लिए अंदर कुएं में उतरने लगा।
विज्ञापन
Trending Videos

दम घुटने के कारण बेहोशी छाने पर वह कुएं में अंदर जा गिरा

मृतक यदवीर (फाइल फोटो) - फोटो : amarujalA
प्रत्यक्षदर्शियों व मां के अनुसार वह अभी 6 फिट नीचे ही उतरा होगा कि अंदर से गैस के संकेत देते हुए चीखा। मगर अगले ही पल दम घुटने के कारण बेहोशी छाने पर वह कुएं में अंदर जा गिरा। इस पर मां के चीखने पर बचाने की गरज से गांव के गुलवीर (30), शिवकुमार (28 ), प्रेमपाल (28) कुएं में उतरे तो वह भी गैस की चपेट में आने के कारण बेहोश होकर गिर पड़े।

यह देख मौके पर मौजूद प्रेमपाल की पत्नी हेमलता (25) भी कुएं में उतर गई और वह भी बेसुध होकर गिर पड़ी। इसके बाद मचे शोर व चीख-पुकार पर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर दौड़ते हुए चले आए और कुएं में कांटा डालकर बड़ी मशक्कत से पांचों को बाहर निकाला गया। मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी।

हालांकि तत्काल एंबुलेंस को सूचना दे दी गई। मगर घंटों की देरी से एंबुलेंस मौके पर पहुंची। इन्हें ग्रामीण तत्काल कैलाश अस्पताल नोएडा लेकर गए। जहां उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया गया। इसी बीच खबर पर एसएसपी राजेश पांडेय, एसपी देहात डॉ. ब्रजेश सिंह, एडीएम प्रशासन, एसडीएम खैर, टप्पल व खैर थानों की पुलिस भी पहुंच गई।
विज्ञापन

पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा जा रहा

मृतक हैमलता (फाइल फोटो) - फोटो : amarujalA
इधर, मौत की खबर पर ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और भीड़ एकत्रित होकर टप्पल थाने पहुंच गए। मगर ग्रामीण मुआवजा व जिलाधिकारी को बुलाने की मांग करते हुए पलवल मार्ग पर जाम लगाकर बैठ गए। कुछ देर बाद एक्सप्रेस वे पर शव रखकर जाम लगा दिया।

हालांकि देर शाम समाचार लिखे जाने तक एसएसपी ने मुआवजे का भरोसा देकर जाम खुलवा दिया था। पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा जा रहा था।

नलकूप के कुएं में गिरे किसान को बचाने के फेर में एक-एक कर उतरे महिला सहित पांच किसानों की मौत हुई है। कुएं में जहरीली गैस बनने के दौरान दम घुटने से मौत होने का अंदेशा है। फिर भी पोस्टमार्टम में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। ग्रामीणों ने मुआवजे व पट्टे की मांग रखी है, जिस पर उन्हें प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से आश्वासन दे दिया गया है। ग्रामीणों को शांत कर घरों को भेज दिया गया है।
- राजेश पांडेय, एसएसपी
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें