अरुणाचल प्रदेश में रविवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सीस्मोलॉजीके मुताबिक, अरुणाचल के चांगलांग में दोपहर तीन बजकर छह मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसका केंद चांगलांग से 70 किमी दूर उत्तर-पश्चिम की ओर था। भूकंप की वजह से लोग दहशत में आ गए। फिलहाल किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
इससे पहले शनिवार को केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। दोनों संभागों के कई इलाकों में लोग भूकंप के झटकों की वजह से दहशत में आ गए। हालांकि अभी तक नुकसान की कोई सूचना नहीं है। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.3 रिकॉर्ड की गई थी।
जानिए क्यों आता है भूकंप
धरती मुख्य तौर पर चार परतों से बनी होती हैं। इनर कोर, आउटर कोर, मैनटल और क्रस्ट। क्रस्ट और ऊपरी मैन्टल कोर को लिथोस्फेयर कहते हैं। ये 50 किलोमीटर की मोटी परत कई वर्गों में बंटी हुई है जिसे टैकटोनिक प्लेट्स कहते हैं। ये टैकटोनिक प्लेट्स अपनी जगह पर कंपन करती रहती हैं और जब इस प्लेट में बहुत ज्यादा कंपन हो जाती हैं, तो भूकंप महसूस होता है।
भूकंप के केंद्र और तीव्रता का क्या मतलब है?
भूकंप का केंद्र वह स्थान होता है जिसके ठीक नीचे प्लेटों में हलचल से धरती हिलने लगती है। इस स्थान पर या इसके आसपास के क्षेत्रों में भूकंप का असर ज्यादा होता है। अगर रिक्टर स्केल पर 7 या इससे अधिक की तीव्रता वाला भूकंप है तो आसपास के 40 किमी के दायरे में झटका तेज होता है।