मुंबई के पूर्वी उपनगर मानखुर्द में छापेमारी के दौरान तस्करों के गिरोह ने नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के आंचलिक निदेशक सहित चार अन्य अधिकारियों को घायल कर दिया।
एक अधिकारी के मुताबिक घटना मानखुर्द में बृहस्पतिवार रात रेलवे पटरियों के समीप एक दलदली क्षेत्र में हुई। उन्होंने बताया कि एनसीबी की टीम एक नाइजीरियाई नागरिक को पकड़ने में कामयाब रही और एक करोड़ रुपये से अधिक की हेरोइन, मेफेड्रोन (एमडी) और कोकीन जब्त की गई, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य एनसीबी टीम पर हमला करने के बाद अंधेरे और दुर्गम इलाके का फायदा उठाकर भाग गए।
अधिकारी ने बताया कि एनसीबी की आंचलिक इकाई को मानखुर्द थाने के पास एक गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिली थी और आंचलिक निदेशक समीर वानखेड़े के नेतृत्व में एक टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने एनसीबी टीम पर पत्थरों, छुरे और अन्य हथियारों से हमला किया, जिसमें पांच अधिकारी घायल हो गए, जिनमें से एक के सिर पर चोट आई।
एनसीबी अधिकारी ने बताया कि नाइजीरियाई नागरिक ओबियोरा एकवेलर को 254 ग्राम हेरोइन, 52 ग्राम एमडी और 7.5 ग्राम कोकीन के साथ पकड़ा गया। पिछले कुछ दिनों में यह दूसरी घटना है जब अभियान के दौरान एनसीबी की टीम पर हमला हुआ है।