फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महाराष्ट्र में आठवीं तक के बच्चे बिना परीक्षा होंगे पास, सेना भी करेगी वर्क फ्रॉम होम

Sat, 21 Mar 2020 05:14 AM IST
आसिम खान न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

देश में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या 236 तक पहुंच गई है। महाराष्ट्र सरकार ने आठवीं तक के छात्रों को बिना परीक्षा पास करने का फैसला किया है। वहीं, मुंबई के चार शहर लॉकडाउन कर दिए गए हैं। सेना भी वर्क फ्रॉम होम का फॉर्मूला अपनाने जा रही है।साथ ही फ्रांस में जिस कारखाने में राफेल लड़ाकू विमान का उत्पादन किया जा रहा है, वहां कोरोना के चलते अस्थायी तौर पर काम काज रोक दिया गया है। जानिए ताजा हालात...
विज्ञापन
कोरोना से बचाव - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र में भी आठवीं तक के विद्यार्थी बिना परीक्षा दिए होंगे पास

  • महाराष्ट्र की शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ ने शुक्रवार को घोषणा करते हुए कहा कि कोरोना वायरस के कहर के चलते राज्य में कक्षा 1 से लेकर 8वीं तक के सभी विद्यार्थियों की परीक्षाएं रद्द की जाती हैं। 
  • उन्होंने कहा कि कक्षा 1 से 8वीं तक के सभी विद्यार्थियों को बिना परीक्षा के अगली कक्षा में प्रोन्नत किया जाएगा। वहीं, कक्षा 9 और 11 वीं के लिए 15 अप्रैल के बाद परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

विज्ञापन

जालना में सात लाख रुपये के मास्क, सैनिटाइजर जब्त

  • महाराष्ट्र पुलिस ने जमाखोरी के खिलाफ कार्रवाई कर जालना शहर में एक दुकान से सात लाख रुपये के 18,900 मास्क और नकली हैंड सैनेटाइजर की 730 बोतलें बरामद कीं।
  • कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के बीच जमाखोरी बढ़ गई है। अधिकारी ने बताया कि दुकान के मालिक हस्तीमल बम्ब के खिलाफ कथित जमाखोरी का मामला दर्ज किया गया है।


सेना भी 23 मार्च से करेगी वर्क फ्रॉम होम

  • सैन्य मुख्यालय में तैनात 35 फीसदी अधिकारी और 50 प्रतिशत जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) 23 मार्च से एक सप्ताह तक घर से कमा करेंगे। 
  • अधिकारियों और जेसीओ का दूसरा समूह 30 मार्च से घर से काम शुरू करेगा। सेना ने कहा कि समूहों को एक दूसरे से मिलने से बचाया जाएगा। 
  • यह सुनिश्चित किया जाएगा कि वे कार्य के समय हर वक्त फोन और इलेक्ट्रानिक माध्यमों पर उपलब्ध रहें। 
  • मुख्यालय के प्रवेश और निकास द्वारों पर भीड़ से बचने के लिए सैन्य कर्मियों को अलग-अलग ड्यूटी टाइम पर बुलाए जाने का भी फैसला किया गया है।

विज्ञापन

ऑनलाइन शराब बेचने की अनुमति मांगने वाली याचिका रद्द

  • केरल हाईकोर्ट ने उस याचिका को रद्द कर दिया जिसमें ऑनलाइन शराब बेचने की अनुमति मांगी गई थी। 
  • हाईकोर्ट में दायर इस याचिका में इसके पीछे शराब की दुकानों पर भीड़ कम करने का तर्क दिया गया था। 

  
मुंबई के चार शहरों में लॉक डाउन

  • कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव के चलते महाराष्ट्र सरकार ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई सहित नागपुर, पुणे और पिंपरी-चिंचवड में सभी दुकानें और कार्यालयों को 31 मार्च तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। 
  • इन चारों शहरों में केवल जीवनावश्यक वस्तुओं की दुकानें खुली रहेंगी। यानी किराना, अनाज, दूध व मेडिकल की दुकानें और बैंक खुले रहेंगे। यह फैसला शुक्रवार मध्यरात्रि से ही लागू होगा। 


ईसाई समुदाय के सभी सार्वजनिक समारोह 31 मार्च तक स्थगित

  • कोरोना वायरस की बढ़ती महामारी के मद्देनजर ईसाई समुदाय के नेताओं ने 31 मार्च तक प्रार्थना सभा सहित सभी सार्वजनिक समारोहों को स्थगित कर दिया है। 
  • शुक्रवार को एक अधिकारी ने बताया कि यह निर्णय मुंबई पुलिस के कोरोना वायरस की रोकथाम के आग्रह के बाद लिया गया। 
  • शहर भर के ईसाई समुदाय के नेताओं ने मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और 31 मार्च तक प्रार्थना सभाओं सहित सभी सार्वजनिक समारोहों को स्थगित करने का फैसला किया।


नागपुर जेल में कैदी बना रहे हैं मास्क

  • महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर के सेंट्रल जेल के कैदियों ने मास्क बनाने शुरू कर दिए हैं। जेल अधीक्षक अनूप कुमरे ने बताया कि जेल के सिलाई विभाग में काम करने वाले कैदी हर दिन सैकड़ों मास्क बना रहे हैं।
  • कैदियों द्वारा बनाए गए मास्क सामाजिक न्याय विभाग, नागपुर सत्र न्यायालय, आदिवासी विकास विभाग, परिवार अदालतों और कई अन्य सरकारी कार्यालयों को भी दिए गए हैं।


एकांतवास में गए सांसद ओब्रायन, दुष्यंत और वसुंधरा

  • टीएमसी सांसद डेरेक ओब्रायन एकांतवास में चले गए हैं। बताया जा रहा है कि वह भाजपा सांसद दुष्यंत सिंह के बगल में बैठे थे, जिन्होंने बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर के कार्यक्रम में शिरकत की थी। 
  • कनिका का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है। दुष्यंत राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया के बेटे हैं। इसके अलावा वसुंधरा राजे ने भी खुद को अलग-थलग कर लिया।


चंडीगढ़ : महिला अस्पताल से भागी, केस दर्ज

  • अस्पताल से भागने वाली कोरोना से पीड़ित 26 वर्षीय महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 
  • पंजाब के मोहाली की रहने वाली यह महिला अमेरिका से लौटी थी और उसका कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया था। 
  • उसे चंडीगढ़ के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पंजाब में कोरोना मरीजों की संख्या दो से बढ़कर तीन हो गई।


इटली के पर्यटक की जयपुर में मौत

  • कोरोना के संक्रमण से ठीक हुए इटली के 69 वर्षीय पर्यटक की जयपुर के एक निजी अस्पताल मौत हो गई। वह दिल और फेफड़ों का मरीज था।
  • एसएमएस मेडिकल के प्रिंसिपल सुधीर भंडारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात इतालवी नागरिक को दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। 


भारत के लिए राफेल का उत्पादन रुका

  • फ्रांस में भारतीय वायुसेना के लिए जिस कारखाने में राफेल लड़ाकू विमान का उत्पादन किया जा रहा है, वहां कोरोना के चलते अस्थायी तौर पर काम काज रोक दिया गया है। 
  • इसके साथ ही राफेल विमान को उड़ाने के लिए दिए जा रहे प्रशिक्षण पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है। फ्रांसीसी कंपनी दसाल्ट एविएशन राफेल विमानों का उत्पादन कर रही है।


भुवनेश्वर : पटनायक ने की जनगणना रोकने की मांग

  • कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने केंद्र सरकार से जनगणना से जुड़ी प्रक्रियाओं को रोकने की मांग की है। 
  • ओडिशा में एक अप्रैल से जनगणना की प्रक्रिया शुरू होनी है। राज्य में कोरोना का दूसरा मरीज मिला है।


जनता कर्फ्यू का पालन करने की अपील

  • उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री जयंत पाटिल और अभिनेता शाहरुख खान ने कोरोना से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई ‘जनता कर्फ्यू’ की अपील का समर्थन करते हुए लोगों से इसका पालन करने का आग्रह किया।
  • वहीं, एनडीए के घटक दल पीएमके के अध्यक्ष एस रामदास ने भी जनता कर्फ्यू का समर्थन किया है।


दक्षिण पश्चिम रेलवे का कर्मचारी निलंबित

  • दक्षिण पश्चिम रेलवे के एक कर्मचारी को बेटे के संक्रमित होने और विदेश यात्रा की जानकारी छुपाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
  • जानकारी के अनुसार कर्मचारी का बेटा जर्मनी में काम करता है और वह स्पेन से बंगलूरू लौटा था। उसका टेस्ट पॉजिटिव पाया गया।


शिवसेना ने पूछा, क्यों चल रही है संसद

  • शिवसेना ने कहा कि वैश्विक महामारी के मद्देनजर प्रधानमंत्री एक ओर लोगों से सामाजिक दूरी बनाने की बात कर रहे हैं, दूसरी तरफ राजनीतिक कारणों के चलते संसद की कार्यवाही चलाने की अनुमति दे रहे हैं। 
  • बता दें कि पीएम मोदी ने बृहस्पतिवार रात राष्ट्र के नाम संबोधन में कोरोना से लड़ाई में संकल्प और संयम की अपील करते हुए 22 मार्च को लोगों से ‘जनता कर्फ्यू’ का पालन करने का आह्वान किया था।


लद्दाख में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक

  • लद्दाख प्रशासन ने विमान कंपनियों से स्थानीय लोगों, सरकारी अधिकारियों और सुरक्षा बलों को छोड़कर अन्य किसी को भी अपनी उड़ानों में सफर करने की इजाजत नहीं देने का निर्देश दिया है। केंद्र शासित प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।


विदेशी प्रतिनिधियों के साथ टेलीफोनिक चर्चा

  • विदेश सचिव हर्षवर्धन शृंगला ने टेलीफोनिक कान्फ्रेंस के जरिए अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, वियतनाम, न्यूजीलैंड और जापान के शीर्ष प्रतिनिधियों से कोरोना वायरस को फैलने से रोकने पर चर्चा की। दक्षिण कोरिया और वियतनाम के प्रतिनिधि भी चर्चा में शामिल हुए।


दिल्ली-एनसीआर में दूध की निर्बाध आपूर्ति करेगी मदर डेयरी

  • राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) की दुग्ध और दुग्ध उत्पाद की प्रमुख व सहायक कंपनी मदर डेयरी ने कहा कि दूध, फल सब्जी या अन्य उत्पादों की आपूर्ति में कोई व्यवधान न हो यह सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त उपाय किए गए हैं। 
  • कंपनी ने लोगों से अपील की है कि दूध और फल सब्जी जैसी आवश्यक वस्तुओं की खरीद में घबराहट के बजाय संयम से काम लें। मदर डेयरी के प्रवक्ता कहना है कि इन वस्तुओं की आपूर्ति में कोई व्यवधान नहीं होगा। 
  • मदर डेयरी दिल्ली एनसीआर में प्रतिदिन 30 लाख लीटर से अधिक दूध बेचती है और करीब 850 दूध बूथों का नेटवर्क संचालित करती है।


हिमाचल में पहली बार दो पॉजिटिव, चंडीगढ़ में 4 व लद्दाख में 2 नए मरीज

  • कोरोना वायरस से अब तक अछूते हिमाचल में शुक्रवार को दो पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। दोनों संक्रमित कांगड़ा के रहने वाले हैं। इनमें एक महिला और एक पुरुष है। महिला बीते दिनों दुबई और पुरुष सिंगापुर से लौटा है। उन्हें डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में भर्ती किया गया है। 
  • चंडीगढ़ में एक ही दिन में चार मरीजों के कोरोना वायरस संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। वहां गत बुधवार को लंदन से लौटी 23 वर्षीय एक युवती के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उसके संपर्क में आए भाई, मां और कुक में भी शुक्रवार को कोरोना की पुष्टि हो गई। 
  • इसके अलावा सात दिन पहले इंग्लैंड से लौटी मोहाली निवासी 69 वर्षीय महिला में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। 
  • केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में दो और व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ लद्दाख में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 10 तक पहुंच गई है।


पश्चिम बंगाल में मिला दूसरा मरीज

  • पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस से संक्रमित दूसरे मरीज की भी पुष्टि हुई है। 20 वर्षीय युवक 13 मार्च को लंदन से लौटा था। उसे कोरोना वायरस के संक्रमण के लक्षणों के साथ 19 मार्च को महानगर के बेलियाघाट स्थित संक्रामक रोगों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरीज के नमूने की जांच से उसके संक्रमित होने की पुष्टि हो गई है। 
  • इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोरोना से निपटने के लिए कई एहितियाती उपायों का एलान किया है। उन्होंने कहा है कि सरकारी दफ्तरों में सिर्फ आधे कर्मचारी काम करेंगे। निजी क्षेत्र को भी यह नीति अपनानी होगी। इससे पहले इंग्लैंड से ही लौटे एक युवक  में भी कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि की गई थी।


छह महीने तक चावल-गेहूं मुफ्त देगी ममता सरकार

  • पश्चिम बंगाल में ममता सरकार ने अगले 6 महीने तक सार्वजनिक वितरण प्रणाली के जरिए चावल और गेहूं मुफ्त बांटने का एलान किया है। अब तक लगभग साढ़े सात करोड़ परिवारों को यह दो रुपये किलो मिलता था।


दुष्यंत के संपर्क में आए नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकारी एकांतवास में

  • नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि उसके कई अधिकारी संसद में 18 मार्च को सांसद दुष्यंत सिंह के संपर्क में आए थे। ये सभी अधिकारी एहतियातन एकांतवास में चले गए हैं। सूत्रों के अनुसार बैठक में शामिल नागरिक उड्डयन सचिव पीएस खरोला एकांतवास में हैं। 
  • उस बैठक में शामिल एयर इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक राजीव बंसल के बारे में जानकारी नहीं है कि वह एकांतवास में हैं या नहीं। इससे पहले दिन में दुष्यंत सिंह और उनकी मां और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने घोषणा की थी कि वह कनिका कपूर की पार्टी में शरीक होने के कारण एकांतवास में चले गए हैं।


मुरादाबाद : विदेश यात्रा से लौटे 48 लोग लापता

  • कोरोना वायरस की दहशत के बीच विदेश यात्रा से लौटे 48 लोगों ने जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी हैं। अलग-अलग देशों से आए ये 48 लोग लापता हैं। इनमें अधिकतर के नाम एवं पते सही नहीं हैं। जबकि कई लोग एयरपोर्ट पर उतरने के बाद से मुरादाबाद ही नहीं पहुंचे हैं। 
  • डिस्ट्रिक्ट एपिडेमिलॉजिस्ट अजीजउर रहमान के मुताबिक फरवरी से अब तक मुरादाबाद जिले के 230 लोग विदेश यात्रा से आए हैं। इनमें 182 लोग चिह्नित हैं, इनमें से 149 लोगों की निगरानी हो रही है।


गोरखनाथ मंदिर और मां पाटेश्वरी मंदिर बलरामपुर 31 मार्च तक बंद

  • नाथ संप्रदाय की सर्वोच्च सिद्धपीठ गोरखनाथ मंदिर को 31 मार्च तक बंद रखने का फैसला किया गया है। इस अवधि में सामान्य श्रद्धालु गुरु गोरक्षनाथ के दर्शन-पूजन नहीं कर सकेंगे। 
  • नाथ संप्रदाय से संबंधित प्रमुख शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी मंदिर बलरामपुर भी सामान्य श्रद्धालुओं के लिए 31 मार्च तक बंद कर दिया गया है।


इंडिगो ने 30 विमानों को ग्राउंड किया

  • कोरोना से लड़ने के सरकार के प्रयासों के बीच इंडिगो ने अपने 30 विमानों को ग्राउंड कर दिया। केंद्र के 22 मार्च से एक सप्ताह तक सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक लगाने के बाद इंडिगो ने विमानों को ग्राउंड करने का फैसला किया। 
  • यह विमान कंपनी चीन और तुर्की समेत 24 अंतरराष्ट्रीय स्थानों से उड़ानों का संचालन करती है। इस बीच, मदुरै से 11 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द कर दिया गया है।


कोरोना इफेक्ट: एम्स में अब बेहद जरूरी सर्जरी ही होगी

  • अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने शुक्रवार को कहा कि नोवल कोरोना वायरस महामारी के कारण 21 मार्च से केवल जरूरी जीवन रक्षक ऑपरेशन ही किए जाएंगे। 
  • एक सर्कुलर में कहा गया है कि दिल्ली एम्स में कोरोना वायरस को काबू करने और रोकथाम के लिए आधारभूत सुविधाओं, संसाधन और डॉक्टरों-नर्सों को इस काम में लगाया जाएगा, इसलिए अन्य सेवाओं में कटौती की जाएगी। 


शहरों में सब बंद करना जरूरी : चिदंबरम

  • कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने कड़े सामाजिक और आर्थिक फैसले लेते हुए प्रधानमंत्री से शहरों और नगरों में सब कुछ बंद करने की अपील की है। 
  • उन्होंने ट्वीट किया, मैने प्रधानमंत्री की ओर से की गई घोषणाओं का समर्थन किया, लेकिन मैं आश्वस्त हूं कि उनके पास कड़े सामाजिक और आर्थिक कदम उठाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा।
  • उन्होंने आगे लिखा, भारत और विश्व में घटनाक्रमों की समीक्षा के बाद मुझे यकीन है कि नगरों, शहरों में दो चार हफ्ते तक सब कुछ बंद करने की जरूरत है।


केंद्र ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

  • केंद्र सरकार ने लोगों को कोरोना वायरस से जुड़े जरूरी सुझाव देने और उन तक मदद पहुंचाने के लिए हेल्प डेस्क बनाई है। इसके लिए सरकार की तरफ से एक व्हाट्सएप नंबर 9013151515 जारी किया गया है। 
  • इसके अलावा राज्य सरकारों की तरफ से भी कोरोना से निपटने के लिए पहले से ही हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। इन हेल्प डेस्क के जरिए लोग 24 घंटे जानकारी अथवा मदद प्राप्त कर सकते हैं।


विदेशी प्रतिनिधियों के साथ टेलीफोनिक चर्चा

  • विदेश सचिव हर्षवर्धन शृंगला ने टेलीफोनिक कान्फ्रेंस के जरिए अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, वियतनाम, न्यूजीलैंड और जापान के शीर्ष प्रतिनिधियों से कोरोना वायरस को फैलने से रोकने पर चर्चा की। दक्षिण कोरिया और वियतनाम के प्रतिनिधि भी चर्चा में शामिल हुए।


कोरोना एक नजर में

  • रणवीर सिंह की फिल्म ‘83’ की रिलीज स्थगित।
  • पश्चिम बंगाल में कोरोना मरीजों की संख्या एक से बढ़कर दो हुई।
  • तेलंगाना में कोरोना के तीन और मामले, संख्या बढ़कर 16 पहुंची।
  • महाराष्ट्र के जालना में 7 लाख रुपये मूल्य के मास्क और मिलावटी सैनेटाइजर जब्त।
  • महाराष्ट्र के नागपुर सेंट्रल जेल में कैदी तैयार कर रहे हैं मास्क।
  • कोल्हापुर में कोरोना को लेकर अफवाह पर फैलाने पर केस दर्ज।
  • पुणे में दुबई से लौटे 114 यात्रियों को अनिवार्य एकांतवास में डाला गया।
  • मुंबई में ईसाई समुदाय ने 31 मार्च तक सार्वजनिक प्रार्थना पर रोक लगाई।
  • महाराष्ट्र में तीन और कोरोना मरीज मिलने के साथ यहां संख्या 52 हुई।
  • जम्मू-कश्मीर में सभी स्कूल अध्यापकों को घर में रहने का निर्देश।
  • फिरोजपुर रेलवे संभाग ने हिमाचल प्रदेश में 14 ट्रेनें रद्द की।
  • जनता कर्फ्यू के चलते गोवा में जिला पंचायत चुनाव दो दिन टला।
  • गुजरात में कोरोना के तीन और मामले। कुल संख्या सात हुई।
  • अहमदाबाद में सभी पान दुकानों को बंद रखने का आदेश।
  • गोवा पर्यटन इंडस्ट्री को 1000 करोड़ का हो सकता है नुकसान।
  • अभिनेत्री सुचित्रा कृष्णमूर्ति और निर्देशक शेखर कपूर की बेटी एकांतवास में।
  • दिल्ली में सभी मॉल बंद करने का आदेश। किराने और दवा दुकानों को छूट।
  • जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी ने छात्रों को हॉस्टल करने का निर्देश दिया।
  • केरल सरकार ने 20 हजार करोड़ रुपये के राहत पैकेज को दी मंजूरी।
  • दिल्ली में वंडरला हॉलीडेज के सभी मनोरंजन पार्क 31 मार्च तक बंद रहेंगे।
  • छत्तीसगढ़ के सभी शहरी इलाकों में धारा 144 लागू करने का निर्देश।
  • भजन गायक अनूप जलोटा का कोरोना टेस्ट निगेटिव पाया गया।

यहां पढ़ें 20 मार्च का अपडेट

coronavirus - फोटो : अमर उजाला
'सोशल डिस्टेंसिंग' बहुत जरूरी 
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि वायरस को फैलने से रोकने के लिए अगले 3-4 हफ्ते काफी अहम होंगे। 
  • उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा अहम सामाजिक रूप से दूरियां 'सोशल डिस्टेंसिंग' बनाए रखना बहुत जरूरी है। 
  • पीएम मोदी ने सभी मुख्यमंत्रियों से जनता कर्फ्यू को प्रभावी तरीके से लागू करवाने का निवेदन किया है। 

जामिया विश्वविद्यालय में भी घर से काम 
  • जामिया मिल्लिया विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों व अन्य विभागों को घर से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। 
  • उन्हें असाइनमेंट के लिए किताबें इत्यादि समय पर उपलब्ध कराने को कहा गया है। 
  • इसके अलावा सोमवार से सभी हॉस्टल को भी सोमवार से बंद कर दिया जाएगा। यह व्यवस्था 31 मार्च तक रहेगी। 

तेलंगाना में दो विदेशी पॉजीटिव 
  • तेलंगाना में इंडोनेशिया के दो नागरिकों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। 
  • राज्य में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 19 तक पहुंच गए हैं। 

इशा योग सेंटर में भी पाबंदी 
  • तमिलनाडु के इशा योग सेंटर में भी ध्यानलिंग और आदियोगी परिसर में लोगों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। 
  • इससे पहले इशा ने दुनियाभर में अपने सेंटर में चलने वाले कार्यक्रमों को निलंबित कर दिया था। 

एयर इंडिया में कटेगा 10 फीसदी भत्ता
  • एयर इंडिया ने अपने कर्मचारियों को मिलने वाले भत्ते में 10 फीसदी कटौती करने का फैसला किया है। 
  • यह फैसला मार्च 2020 से तीन महीने तक लागू रहेगा। 
मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस के चार मामले सामने आए
  • मध्यप्रदेश के जबलपुर में कोरोना वायरस के चार मामले सामने आए हैं। 
  • इनमें से तीन लोग एक ही परिवार के हैं। 
  • मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस का ये पहला मामला है। 
  • चौथा व्यक्ति जर्मनी से लौटा था।

प्रह्लाद जोशी ने सभी डॉक्टर सांसदों से मुलाकात की
  • केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने पेशे से डॉक्टर सभी सांसदों से मुलाकात की। 
  • जोशी ने कहा, हमने उन्हें पीएम मोदी के नेतृत्व में अब तक उठाए गए कदमों की जानकारी दी। सभी ने अब तक उठाए गए कदमों की सराहना की।

22 मार्च को नहीं चलेंगी ट्रेनें
  • मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई और सिकंदराबाद में उपनगरीय सेवाओं को केवल 22 मार्च, रविवार को आवश्यक यात्रा की आवश्यकता को पूरा करने के लिए न्यूनतम स्तर तक घटाया जाएगा।
  • 22 मार्च के लिए 21/22 मार्च से रात 10 बजे के बीच आने वाली सभी यात्री ट्रेनें नहीं चलेंगी।
  • 21 मार्च सुबह सात बजे चलने वाली पैसेंजर ट्रेन सेवाओं को गंतव्यों तक चलाने की अनुमति होगी।

मध्यप्रदेश और राजस्थान की सीमा सील 
  • कोरोना वायरस के बढ़ते प्रसार को रोकने के लिए मध्यप्रदेश और राजस्थान की सीमा को सील कर दिया गया है। 
  • भीलवाड़ा में कोरोना के कहर के समाचार के बाद जिला कलेक्टर नीमच ने यह आदेश दिया है। 
  • नयागांव और सिंगोली की सीमा भी सील कर दी गई है। 

सीबीएसई ने जागरूकता फैलाने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया
  • केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कोरोना वायरस के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। 
  • हेल्पलाइन की यह सुविधा 31 मार्च तक सुबह आठ बजे से लेकर रात आठ बजे तक जारी रहेगी। 

दिल्ली में 21 से 23 मार्च तक बंद रहेंगे बाजार 
  • अखिल भारतीय व्यापारियों का परिसंघ ने अगले तीन दिनों तक सभी बाजारों को बंद रखने का फैसला किया है। 
  • सीएआईटी के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल के मुताबिक 21 से 23 मार्च तक बाजार बंद रखे जाएंगे।
ओडिशा में ऑड-ईवन फॉर्मूला
  • भुवनेश्वर नगर निगम (बीएमसी) ने बसों, टैक्सियों, ऑटो-रिक्शा सहित सार्वजनिक परिवहन के लिए ऑड-ईवन फॉर्मूला की घोषणा की है। 
  • निजी वाहनों, सरकारी वाहनों और अस्पतालों में किराए पर लिए गए वाहनों पर कोई रोक नहीं होगी।
काशी विश्वनाथ मंदिर में आम श्रद्धालुओं के प्रवेश पर लगी रोक
  • श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर मंदिर प्रशासन ने रोक लगा दिया है। यह आदेश 24 मार्च तक लागू रहेगा। 
  • श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक श्री विशाल सिंह ने बताया कि प्रकोप के भयावह स्थिति से निपटने के लिए बचाव और सतर्कता ही एक उपाय है।
केरल में पांच विदेशी नागरिक संक्रमित 
  • केरल में कोरोना के 12 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से केरल में पांच, 6 कसारगोड और एक केस पलक्कड़ में सामने आया है। 
  • केरल में कोरोना के पांच और मामले सामने आए हैं। ये सभी कोच्चि के आइसोलेशन वार्ड में थे। 
  • प्रदेश के मंत्री वीएस सुनील कुमार ने बताया कि ये पांचों नागरिक ब्रिटेन से आए थे। 
  • मुख्यमंत्री पिनयारी विजयन के मुताबिक राज्य में कुल 40 मामले सामने आ चुके हैं। 
  • केरल के सीएम ने कहा है कि राज्य सरकार 22 मार्च को 'जनता कर्फ्यू' का पूरा समर्थन करेगी।
  • राज्य परिवहन निगम की बसें और सार्वजनिक परिवहन बंद रहेंगे। उस दिन मेट्रो भी नहीं चलेगी। 
     

चरणबद्ध तरीके से घर से काम करेंगे जवान 
  • सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने सुरक्षा बल में कोरोना वायरस से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। 
  • सेना की नई एडवाइजरी के मुताबिक 35 फीसदी अधिकारी और 50 प्रतिशत जवान एक हफ्ते तक एकांतवास में रहते हुए घर से काम करेंगे। 
  • जवानों व अधिकारियों का पहला समूह 23 मार्च से आइसोलेशन में जाएगा। इसके बाद दूसरा ग्रुप 30 मार्च को घर से काम करेगा। 
  • सेना मुख्यालय में भी कर्मचारियों व अधिकारियों की संख्या को 23 मार्च से घटाने का फैसला किया गया है। 
  • सिर्फ वही लोग आएंगे, जो आपात सेवाओं से जुड़े हैं। 
  • सेना की एडवाइजरी के मुताबिक सेना में ट्रांसफर और पोस्टिंग भी रोक दी गई हैं। 
  • इसके अलावा 15 अप्रैल तक सभी रैंक की अस्थायी ड्यूटी को फिर से निर्धारित या रद्द कर दिया गया है। 
  • जो जवान पहले से छुट्टी पर हैं, उनकी छुट्टियां 15 अप्रैल तक बढ़ा दी गई हैं। 
ममता बनर्जी ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को तुरंत रद्द करने की मांग की 
  • पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है। 
  • प्रधानमंत्री के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उन्होंने कहा कि 22 मार्च तक इंतजार क्यों? हमें तुरंत अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक लगानी चाहिए। 
     
22 तक मेट्रो परिचालन बंद
  • राजस्थान के जयपुर में 22 मार्च तक मेट्रो का परिचालन बंद कर दिया गया है। 
  • जयपुर में बढ़ते खतरे के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। 


महाराष्ट्र में गरीबों को मिलेगा तीन महीने का राशन 
  • महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा है कि गरीबी रेखा से नीचे वाले लोगों को सरकार की ओर से तीन महीने का राशन मिलेगा। 
  • उन्होंने कहा कि लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए सरकार हरसंभव कदम उठा रही है। 
यूपी के स्वास्थ्य मंत्री और अनुप्रिया पटेल एकांतवास में 
  • उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह खुद ही एकांतवास में चले गए हैं। 
  • वह उस पार्टी में शामिल थे, जिसमें बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर गई थीं। 
  • सांसद अनुप्रिया पटेल भी एकांतवास में चली गई हैं। वह भी कनिका कपूर के साथ पार्टी में थीं।
32 विदेशियों समेत 223 संक्रमित 
  • स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक देश में अब कुल संक्रमित मामले 223 तक पहुंच गए हैं। इनमें 32 विदेशी नागरिक हैं। 
  • कोरोना से दिल्ली, कर्नाटक, पंजाब और महाराष्ट्र में चार मौत हुई हैं। 

 
सीएम योगी ने सभी कार्यक्रम स्थगित करने की अपील की 
  • यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से 2 अप्रैल तक सभी धार्मिक, आध्यात्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य कार्यक्रमों को रद्द करने की अपील की है। 
  • उत्तर प्रदेश में भी सभी मॉल्स बंद करने का फैसला लिया गया है। 
  • नोएडा मेट्रो और नोएडा सिटी बस सेवा भी जनता कर्फ्यू के दौरान पूरी तरह बंद रहेगी। 
  • यूपी सरकार ने लखनऊ, नोएडा और कानपुर को सैनेटाइज करने का फैसला किया है। 
  • इसके अलावा स्कूल शिक्षकों को भी घर पर ही रहने को कहा है। 
सबरीमाला मंदिर में प्रवेश पर प्रतिबंध 
  • केरल सरकार ने सबरीमाला मंदिर में 29 मार्च से प्रवेश पर पाबंदी लगा दी है 
  • 29 मार्च से शुरू हो रहे 10 दिन के फेस्टिवल में कोई श्रद्धालु शामिल नहीं होगा। 
  • इसके अलावा 8 अप्रैल को अरारत सेरेमनी में भी वह शामिल नहीं होंगे। 

23 मार्च से 3 अप्रैल के बीच होने थे यूपीएससी परीक्षा के इंटरव्यू 
  • संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा के उम्मीदवारों के पर्सनेलिटी टेस्ट (इंटरव्यू) फिलहाल स्थगित कर दिए गए हैं।
  • ये इंटरव्यू 23 मार्च से 3 अप्रैल के बीच होने थे। मगर अगले आदेश तक इन्हें स्थगित कर दिया गया है। 
राजस्थान की पूर्व सीएम बेटे संग एकांतवास में गईं 
  • राजस्थान की पूर्व सीएम व भाजपा नेता वसुंधरा राजे और उनके बेटे दुष्यंत ने खुद ही एकांतवास में जाने का फैसला किया है। 
  • उन्होंने कहा, 'मैं अपने बेटे दुष्यंत और अन्य रिश्तेदारों के साथ कनिका की डिनर पार्टी में शामिल हुई थी। दुर्भाग्य से वह पॉजीटिव पाई गई है।'
  • वसुंधरा ने आगे कहा कि यह समय सावधानी बरतने का है। इसलिए मैं, मेरा बेटा तुरंत एकांतवास में जा रहे हैं। 
विदेशों में फंसे असम के छात्रों को मिलेगा 200 डॉलर का भत्ता 
  • भारत ने विदेशों से आने वाली सभी उड़ानों को रद्द कर दिया है। इस वजह से असम के कई छात्र विदेशों में फंसे हुए हैं। 
  • इसके लिए असम सरकार ने फैसला किया है कि सेवाएं बहाल होने तक छात्रों के खाते में 200 डॉलर ट्रांसफर किए जाएंगे। 
  • असम के मंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने इसके अलावा यह जानकारी भी दी कि राज्य में 50 फीसदी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कह दिया गया है। 
अब तक 206 लोग पॉजीटिव पाए गए 
  • स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल के मुताबिक देश में अब तक 206 पॉजीटिव केस पाए गए हैं। 
  • इसके अलावा 6700 से ज्यादा लोगों पर निगरानी रखी जा रही है। 
  • केंद्र के मुताबिक अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। इन सभी की उम्र 64 साल से ज्यादा थी।
लखनऊ में सभी रेस्टोरेंट 31 तक बंद 
  • लखनऊ में 31 मार्च तक सभी रेस्टोरेंट, होटल, मिठाई की दुकानें, खाने के स्टॉल, कैफे और अन्य ढाबे-होटलों को बंद कर दिया गया है। 
  • लखनऊ के जिला मजिस्ट्रेट ने इसे लेकर आदेश जारी किया है। 
टोल फ्री नंबर का करें उपयोग : स्वास्थ्य मंत्रालय 
  • स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने शुक्रवार को सभी से जानकारी लेने के लिए टोल फ्री नंबर का उपयोग करने को कहा है।
  • उन्होंने कहा, 'मैं सोसाइटी में सभी से निवेदन करता हूं कि वे जानकारी पाने और दुष्प्रचार को खत्म करने के लिए हमारे टोल फ्री नंबर 1075 का उपयोग करें।' 
  • उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस करेंगे। 
कनिका कपूर के साथ पार्टी में मौजूद थे भाजपा सांसद, कल संसद में हुए थे शामिल
  • बॉलीवुड की मशहूर गायिका कनिका कपूर कोरोना से संक्रमित पाई गई हैं।
  • वो रविवार को लखनऊ में एक पार्टी में शामिल हुई थीं।
  • पार्टी में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बेटे और भाजपा सांसद दुष्यंत सिंह भी शामिल हुए थे।
  • दुष्यंत सिंह कल संसद भी पहुंचे थे। हालांकि, कनिका कपूर के पॉजिटिव पाए जाने के बाद भाजपा सांसद ने खुद को पृथक कर लिया है।
दिल्ली में सभी मॉल बंद
  • दिल्ली सरकार ने प्रदेश के सभी मॉलों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया गया है।
  • दिल्ली के मु्ख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए, हम सभी मॉल (किराना, फार्मेसी और उनमें सब्जी की दुकानों को छोड़कर) को बंद कर रहे हैं।
भारत में फंसे विदेशियों को मिलेगी काउंसलर सेवा 
  • केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जानकारी दी है कि केंद्र सरकार ने भारत में फंसे विदेशियों को काउंसलर सेवा देने का फैसला किया है। 
मुंबई समेत चार शहर बंद, सिर्फ आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी
  • महाराष्ट्र में मुंबई समेत पुणे, चिंचवड़-पिंपरी और नागपुर शहर बंद कर दिए गए हैं। सिर्फ आवश्यक सेवाएं ( बैंक, सब्जी और दवा की दुकानें) जारी रहेगीं।
  • राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि महाराष्ट्र में तीन और लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। 
  • इसके साथ ही राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या 52 हो गई है। टोपे ने कहा कि ये तीन मामले मुंबई, पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में सामने आए हैं।



कोरोना पर अमेरिका द्वारा कांफ्रेंस कॉल
  • विदेश सचिव ने कोरोना वायरस पर कुछ हिंद-प्रशांत देशों के बीच चर्चा के लिए अमेरिका द्वारा की गई कांफ्रेंस कॉल में भाग लिया।
  • भारत, अमेरिका के अलावा कोरोना वायरस पर टेलीकांफ्रेंस में ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, न्यूजीलैंड, जापान के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
  • विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने कोरोना वायरस से लड़ने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत द्वारा उठाए सक्रिय कदमों पर जानकारी दी।
  • विदेश सचिव ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए एक साथ मिलकर काम करने और क्षेत्र में साझेदारों के साथ विभिन्न पहलुओं को साझा करने की भारत की इच्छा से अवगत कराया।
बॉलीवुड की मशहूर गायिका संक्रमित
  • बॉलीवुड की मशहूर गायिका कनिका कपूर कोरोना संक्रमित पाई गई हैं।
  • वह 15 मार्च को लंदन से लखनऊ आई थीं। वहां वो एक पार्टी में शामिल हुईं और ताज होटल भी गईं। बाद में पता चला कि वो कोरोना संक्रमित हैं।
विज्ञापन

18 अंतरराष्ट्रीय और भारतीय कंपनियों को मिला टेस्ट लाइसेंस 

18 अंतरराष्ट्रीय और भारतीय कंपनियों को मिला टेस्ट लाइसेंस 
ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीजीसीआई) ने अंतरराष्ट्रीय और भारतीय कंपनियों सहित 18 कंपनियों को देश में कोरोना का नैदानिक परीक्षण करने के लिए टेस्ट लाइसेंस दिया है।

कोरोना की औषधियों के बारे में फैलाई जा रही हैं सूचनाएं सत्यापित नहीं: आयुष मंत्री
आयुष मंत्री श्रीपद नाईक ने शुक्रवार को लोकसभा में कहा कि कोरोना वायरस से निपटने को लेकर विभिन्न औषधियों के कारगर होने की जो सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं वो सत्यापित नहीं हैं तथा इससे मंत्रालय का कोई लेनादेना नहीं है। सदन में तेजस्वी सूर्या, उत्तम कुमार रेड्डी और शताब्दी रॉय के पूरक प्रश्नों के उत्तर में नाईक ने यह भी कहा कि आयुष मंत्रालय की ओर से जो परामर्श जारी किया था उसमें किसी दवा से कोरोना के उपचार का दावा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि परामर्श में सिर्फ श्वसन तंत्र को मजबूत बनाने के उपाय सुझाए गए थे।

कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति दें: दिल्ली सरकार
दिल्ली सरकार ने निजी सेक्टर के लिए एक परामर्श जारी करते हुए कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के मद्देनजर कर्मचारियों को 31 मार्च तक घर से काम करने की अनुमति देने को कहा। परामर्श में सरकार ने लोगों से विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, गर्भवती महिलाओं और उच्च रक्तचाप तथा मधुमेह से पीड़ित लोगों को घर में ही रहने की सलाह दी। राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार तक कोविड-19 के 14 मामले सामने आ गए थे।

कोरोना वायरस का सामुदायिक स्तर पर प्रसार नहीं हुआ: हर्षवर्धन
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री हर्षवर्धन ने शुक्रवार को लोकसभा में स्पष्ट किया कि देश में कोरोना वायरस का सामुदायिक स्तर पर प्रसार नहीं हुआ है तथा इसके उपचार के लिए यहां भी वैज्ञानिक शोध चल रहा है। सदन में प्रश्नकाल के दौरान मनीष तिवारी और कुछ अन्य सदस्यों के प्रश्नों के उत्तर में यह भी कहा कि इस वायरस की उत्पत्ति के स्रोत को लेकर जो संदेह पैदा हुआ है उसको लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि इस वायरस से निपटने के लिए सरकार की ओर से हर उपलब्ध ‘अच्छी जानकारी’ का इस्तेमाल किया जा रहा है।

उच्चतम न्यायालय ने केरल उच्च न्यायालय के आदेश पर रोक लगाई रोक
उच्चतम न्यायालय ने कोरोना वायरस के कारण अधिकारियों को छह अप्रैल तक जीएसटी, कर और बैंक का बकाया न वसूलने के लिए कहने वाले केरल उच्च न्यायालय के आदेश पर रोक लगा दी है।

गुजरात में पांच हुई संक्रमितों की संख्या
गुजरात में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। गुजरात सरकार की स्वास्थ्य और परिवार कल्याण प्रमुख सचिव जयंती रवि ने कहा कि अहमदाबाद के दो और वडोदरा का एक व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है। वडोदरा के व्यक्ति ने स्पेन अहमदाबाद को दोनों लोगों ने फिनलैंड और न्यूयॉर्क की यात्रा की थी। राजकोट का व्यक्ति (जो कल संक्रमित पाया गया था) मुंबई हवाई अड्डे पर उतरा था और ट्रेन से मुंबई (महाराष्ट्र) से जामनगर (गुजरात) आया था। पांचों मरीज पहले वेंटिलेटर पर थे, लेकिन अब वे सभी स्थिर हैं।

206 लोगों में कोरोना की पुष्टि: भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने बताया कि संदिग्ध मामलों और पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आए कुल 206 व्यक्तियों में कोरोना की पुष्टि हुई है। 13,486 व्यक्तियों के कुल 14,376 नमूनों की कोविड-19 की जांच की गई थी।

पंजाब में एक और मामला, प्रदेश में तीन हुई मरीजों की संख्या
पंजाब के मोहाली सिविल सर्जन मंजीत सिंह ने कहा कि मोहाली की एक 69 वर्षीय महिला की कोरोना वायरस पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। राज्य में कोरोना मामलों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।

स्पेन से लौटे बेटे की जानकारी छिपाने पर रेलवे अधिकारी निलंबित
दक्षिण पश्चिम रेलवे ने कथित तौर पर इटली से लौटे अपने बेटे के बारे में जानकारी छिपाने को लेकर एक अधिकारी को निलंबित कर दिया। अधिकारियों को मामले के बारे में जानकारी मिलने के बाद अधिकारी के बेटे को एकांतवास में रखा गया है।

आंध्र प्रदेश में एक और संक्रमित, तीन हुई संख्या
आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा सऊदी अरब से लौटे एक व्यक्ति की विशाखापत्तनम में कोविड-19 की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। राज्य में अब कुल तीन सकारात्मक मरीज हो गए हैं।

ओडिशा में दूसरा शख्स संक्रमित पाया गया
ओडिशा में कोरोना वायरस का दूसरा मामला सामने आया है। कोविड-19 से प्रभावित देशों में से एक देश से लौटा शख्स संक्रमित पाया गया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने गुरुवार रात को ट्वीट किया, आरएमआरसी (क्षेत्रीय चिकित्सा शोध केंद्र) भुवनेश्वर में 14 नमूनों की जांच की गई जिसमें से एक कोविड-19 से संक्रमित पाया गया है। यह ओडिशा में संक्रमण का दूसरा मामला है।

महाराष्ट्र के गृहमंत्री ने दो भोजनालयों पर छापा मारा
महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने शहर में खाने-पीने के मशहूर ब्रांड के एक आउटलेट और एक रेस्तरां पर ‘छापा’ मारा जो बंद करने के आदेश के बावजूद खुले पाए गए। नागपुर के जिलाधीश द्वारा कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए रेस्तरां, बार, शराब की दुकानों, भोजनालयों और ऐसी दुकानों को बंद करने का आदेश दिया था जिसके एक दिन बाद गुरुवार को उन्होंने छापे मारे।

जयपुर में पूरी तरह ठीक हुए कोरोना के मरीज की दिल के दौरे से मौत
कोविड-19 के संक्रमण से ठीक हुए 69 वर्षीय इटली पर्यटक की एक निजी अस्पताल में दिल का दौरा पडने से मौत हो गई। सवाई मानसिंह चिकित्सालय के प्राचार्य सुधीर भंडारी ने यह जानकारी दी।

महाराष्ट्र में तीन नए संक्रमित मरीज, 52 हुई संख्या
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि तीन लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। ये तीनों पिंपरी-चिंचवाड़, पुणे और मुंबई से हैं। राज्य में कुल मामलों की संख्या अब बढ़कर 52 हो गई है। 

लखनऊ में चार नए कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीज
लखनऊ में चार नए कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। शहर में कुल मामलों को संख्या बढ़कर नौ हो गई है। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) प्रशासन ने यह जानकारी दी। खुर्रमनगर के तीन और महानगर की एक महिला में कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रमित मरीजो के घर पहुंच गई है।

दिल्ली से 22 मार्च से सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक
दिल्ली से सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ान परिचालनों पर अस्थायी रूप से रोक लगाने का फैसला लिया गया है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डीआईएएल) ने जानकारी दी कि भारत सरकार द्वारा जारी की गई सलाह के अनुसार, सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ान परिचालनों को अस्थायी रूप से 22 मार्च 29 मार्च तक के लिए निलंबित कर दिया जाएगा। 

पश्चिम बंगाल में कोरोना का दूसरा मामला 
पश्चिम बंगाल में एक व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। हाल ही में ब्रिटेन की यात्रा पर गया यह व्यक्ति राज्य में कोरोना वायरस के संक्रमण का दूसरा पुष्ट मामला है। सरकारी अधिकारी ने यह जानकारी दी।

फिरोजपुर रेल मंडल ने हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में ट्रेनें रद्द कीं
फिरोजपुर रेलवे मंडल ने कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के चलते हिमाचल प्रदेश में सभी पर्यटकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद कांगड़ा घाटी में 14 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि कांगड़ा घाटी (पठानकोट-जोगिंदरनगर) में सभी ट्रेन सेवाओं को अगले आदेश तक आधी रात से रद्द कर दिया गया है। इससे पहले गुरुवार शाम को जिला उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए अगले आदेश तक आधी रात के बाद पंजाब से कांगड़ा जिले तक की सभी ट्रेनों की आवाजाही निलंबित रहेगी।

भारत की आर्थिक वृद्धि का अनुमान 5.6 से 5.1 प्रतिशत हुआ
रेटिंग एजेंसी ‘फिच’ ने कोरोना वायरस महामारी के कारण भारत की आर्थिक वृद्धि के अनुमान को 5.6 प्रतिशत से कम कर 5.1 प्रतिशत किया है।

देश के 20 राज्यों में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 195 हुई
देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 195 हो गई है। आज 20 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 163 भारतीय हैं जबकि 32 विदेशी शामिल हैं। वहीं, चार लोगों की मौत हो चुकी है और 20 लोग पूरी तरह से ठीक हो गए हैं। यह आंकड़े शुक्रवार सुबह नौ बजे तक के हैं।

                                     शुक्रवार सुबह नौ बजे तक के आंकड़े
कुल संक्रमित 195 भारतीय 163 विदेशी 32
राज्य  कुल संख्या भारतीय विदेशी  ठीक हुए
महाराष्ट्र 47 44 3 0
केरल 28 26 2 3
हरियाणा 17 3 14 0
दिल्ली 17 16 1 3
यूपी 19 18 1 9
कर्नाटक 15 15 0 0
राजस्थान 7 5 2 3
लद्दाख 10 10 0 0
तमिलनाडु 3 3 0 1
जम्मू-कश्मीर 4 4 0 0
पंजाब 2 0 0 0
तेलंगाना 16 7 9 1
आंध्र प्रदेश 2 2 0 0
ओडिशा 1 1 0 0
उत्तराखंड 1 1 0 0
पश्चिम बंगाल 1 1 0 0
चंडीगढ़ 1 1 0 0
पुड्डुचेरी 1 1 0 0
गुजरात 2 2 0 0
छत्तीसगढ़ 1 1 0 0


तीन अलग-अलग समय पर दफ्तर पहुंचेंगे केंद्रीय कर्मचारी
केंद्र सरकार ने अपने 50 फीसदी कर्मचारियों को ही दफ्तर आने को कहा है। साथ ही इनके आने-जाने का समय भी अलग-अलग किया गया है, ताकि एक समय भीड़ न हो। डीओपीटी के आदेश के मुताबिक विभाग के प्रमुख सुनिश्चित करेंगे कि दफ्तर आने वाले कुछ कर्मचारियों का समय सुबह 9 से शाम 5:30 बजे, कुछ का 9:30 से छह बजे और कुछ का 10 बजे से 6:30 बजे तक हो।

यहां पढ़ें 19 मार्च (गुरुवार) के सभी अपडेट
यहां पढ़ें 18 मार्च (बुधवार) के सभी अपडेट
यहां पढ़ें 11 से 17 मार्च तक के सभी अपडेट
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें