कोरोना महामारी के चलते देश में फिर से वैक्सीन को लेकर संकट खड़ा हो गया है। वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार ने वैक्सीन की कमी से साफ इनकार किया है। केंद्र का कहना है कि राज्यों के पास अब भी 1.91 करोड़ खुराक उपलब्ध हैं, जबकि 12 लाख खुराक की एक और खेप जारी कर दी है।
दिल्ली सहित कई राज्यों में टीकाकरण पर पड़ा असर, नहीं मिल रही वैक्सीन
वहीं दिल्ली सहित कई राज्यों में वैक्सीन की कमी के चलते टीकाकरण पर असर हुआ है। देश की राजधानी दिल्ली में वैक्सीन पर्याप्त न होने की वजह से कई टीकाकरण केंद्र तक अस्थायी रुप से बंद हुए हैं।
वहीं मध्यप्रदेश में वैक्सीन की कमी के चलते पिछले एक दिन में केवल 38 हजार खुराक ही दी गईं। इसी तरह महाराष्ट्र, झारखंड, राजस्थान, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक सहित अन्य राज्यों में भी वैक्सीन की कमी के चलते लोगों का टीकाकरण नहीं हो पा रहा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि मंगलवार सुबह आठ बजे तक राज्यों के पास वैक्सीन की 1,91,55,630 खुराक का भंडारण था जिनका इस्तेमाल टीकाकरण में होना है। इनके अलावा 12 लाख खुराक की एक और खेप जारी की है। इसमें कोविशील्ड और कोवाक्सिन दोनों साथ में हैं।
मंत्रालय ने यहां तक कहा है कि राज्यों को अब तक 39.46 करोड़ से अधिक खुराक उपलब्ध कराई जा चुकी हैं जिनमें से 37.55 करोड़ खुराक की खपत हुई है। हालांकि केंद्र और राज्यों के बीच वैक्सीन की कमी को लेकर चल रहे इन आरोप-प्रत्यारोप के बीच न सिर्फ आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है बल्कि टीकाकरण का आंकड़ा भी तेजी से कम हुआ है।
कोविन वेबसाइट के अनुसार 26 जून से दो जुलाई के बीच 2.96 करोड़ से अधिक खुराक दी गई थीं लेकिन 3 से नौ जुलाई के बीच यह घटकर 2.71 करोड़ रह गईं। 10 जुलाई से अब तक की स्थिति देखें तो 91.51 लाख खुराक अब तक खपत हुई है। अगर 19 से 25 जून के बीच गौर करें तो एक सप्ताह में रिकॉर्ड 4.51 करोड़ से अधिक खुराक दी गई थीं।