अमित मालवीय और पंजाब के नए सीएम चरणजीत सिंह चन्नी
- फोटो : Amar ujala
कांग्रेस पार्टी द्वारा पंजाब की कमान चरणजीत सिंह चन्नी को देने के बाद से सियासी घमासान जारी है। नेताओं के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई है। वहीं कांग्रेस के इस फैसले पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा भी सवाल खड़े किए गए हैं। भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि अगर सिद्धू की कुर्सी बचाने के लिए चन्नी को सीएम बनाया गया है तो यह दलितों का बहुत बड़ा अपमान है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से कांग्रेस द्वारा दलित सशक्तिकरण के आख्यान को कमजोर करता है। जो कि शर्म की बात है।
मालवीय ने ‘मीटू’ मामले में भी चन्नी को घेरा था
इससे पहले रविवार को मालवीय ने चन्नी को ‘मीटू’ मामले में भी घेरा था। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा था कि कांग्रेस ने चरणजीत चन्नी को मुख्यमंत्री पद के लिए चुना है, जिन्होंने तीन साल पुराने ‘मीटू’ मामले में कार्रवाई का सामना किया था। उन्होंने कथित तौर पर वर्ष 2018 में एक महिला आईएएस अधिकारी को अनुचित संदेश भेजा था। उस मामले को दबा दिया गया था, लेकिन पंजाब महिला आयोग की तरफ से नोटिस भेजने के बाद यह दोबारा सामने आ गया था। बहुत बढ़िया, राहुल।
यह मामला इस साल मई में उस समय दोबारा सामने आया, जब पंजाब महिला आयोग की अध्यक्ष मनीषा गुलाटी ने धमकी दी थी कि अगर राज्य सरकार एक सप्ताह में चन्नी पर लगे अनुचित संदेश भेजने के आरोप को लेकर अपना रुख स्पष्ट नहीं करेगी तो वह धरना पर चली जाएंगी। उन्होंने कहा था कि वह सरकार की कार्रवाई रिपोर्ट के लिए मुख्य सचिव को पत्र लिख चुकी हैं। चन्नी उस समय कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार में मंत्री थे।
सुनील जाखड़ ने ट्वीट कर सिद्धू का किया विरोध
बता दें कि पंजाब कांग्रेस में दोबारा कलह की शुरुआत होती दिख रही है। कैप्टन के इस्तीफे और चरणजीत चन्नी के नए सीएम चुने जाने के बाद आलाकमान को उम्मीद थी कि मामला शांत हो गया है। लेकिन सोमवार को ही कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ ने एक ट्वीट कर विवादों को हवा दे दी। जाखड़ ने ट्वीट कर हरीश रावत के पंजाब में अगला चुनाव नवजोत सिद्धू के नेतृत्व में लड़ने के बयान पर सवाल उठा दिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में चरणजीत चन्नी के शपथ ग्रहण के दिन ही रावत का यह बयान चौंकाने वाला है। यह मुख्यमंत्री के अधिकार को कमजोर करने की संभावना है, साथ ही उनके चयन को भी नकारता है। इसी बीच सुनील जाखड़ के भतीजे अजयवीर जाखड़ ने पंजाब किसान आयोग के पद से इस्तीफा दे दिया है।