कोरोना की महामारी के डर से खाली पड़ा ऊना अस्पताल। संवाद
- फोटो : Una
ऊना। जिले में कोरोना से मौतों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। बीते चार दिनों में चार कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। तीन दिनों से रोजाना 200 से अधिक ही कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। जिला में कोरोना पॉजिटिविटी दर भी 0.50 से बढ़कर 20 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
तेजी से कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने के कारण रैट और आरटीपीसीआर दोनों टेस्टों के पॉजिटिविटी रेट में भी उछाल आया है। बता दें कि जिला में रैट की पॉजिटिविटी दर 22.52 प्रतिशत व आरटीपीसीआर पॉजिटिविटी दर 7.80 प्रतिशत पहुंच गई है। जिले में कोरोना से लगातार हो रही मौतें भी खतरे की घंटी बजा रही है। 17 जनवरी को अंब क्षेत्र के तहत सूहीं के एक संक्रमित की मौत दर्ज की गई थी।
इसी तरह 18 जनवरी को ऊना के डंगोली से 65 वर्षीय महिला, 19 जनवरी को अंब के तहत कलरूही की 75 वर्षीय महिला और 20 जनवरी को डेरा बाबा रूद्रानंद मनोहर मार्केट के 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत कोरोना संक्रमण से हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिन स्थानों पर कोरोना के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, उन जगहों पर सैंपलिंग पर जोर दिया जाएगा। सरकारी व निजी कार्यालयों में भी रोजाना सैंपलिंग की जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रमन कुमार शर्मा ने कहा कि जिले में मौजूदा समय में रैट पॉजिटिविटी रेट 20 प्रतिशत से अधिक चल रहा है। लोग कोविड नियमों का पालन सख्ती के साथ करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें।
तीन दिनों में 628 मामले
17 जनवरी को 207, 18 जनवरी को 200 और 19 को 221 कोरोना संक्रमित मामले सामने आ चुके हैं। वर्तमान में जिले में 1444 कोरोना एक्टिव केस हैं। जबकि, अब तक जिले में कुल 267 कोरोना संक्रमितों की मौत रिपोर्ट हो चुकी है।