Per kilometre income of HRTC Nalagarh dips rupees 11 rupees in Diwali season
नालागढ़ (सोलन)। एचआरटीसी डिपो नालागढ़ में दिवाली आने पर सवारी बढ़ने के बजाय घट रही है। परिवहन निगम की प्रति किमी आय 11 रुपये तक कम हो गई है। ऐसा पहली बार है जब दिवाली पर निगम की आय कम हुई है। निगम के लोकल रूट तो पहले से घाटे में थे, अब अंतरराज्यीय और अंतर जिला रूट कमाई कर रहे थे लेकिन अब इन रूटों पर कमाई भी कम हो रही है।
एचआरटीसी की बसें अपेक्षा कम कमाई कर रही है जहां यात्री बढ़ने थे, वहां घट रहे हैं। पिछले सप्ताह निगम को औसतन 45 रुपये प्रति किमी कमाई हो रही थी जो घटकर शनिवार को मात्र 34 रुपये ही रह गई है। निगम के चंगर, रामशहर, साई और बरोटीवाला से ऊपर पट्टा महलोग, चंडी और जोहड़ी की ओर चलने वाले रूट पहले ही घाटे में चल रहे थे।
अब अंबाला, दिल्ली, चंडीगढ़, ऊना-कालका, परवाणू-हमीरपुर, चंडीगढ़-पालमपुर और रात्रि के दौरान दिल्ली जाने वाली वोल्वो बसें भरपाई कर रही हैं।
अड्डा प्रभारी रामलोक चौधरी ने कहा कि पिछले सप्ताह औसतन 45 रुपये प्रति किमी के आसपास थी जो लगातार घट रही है। शनिवार को यह घटकर 34 रुपये ही रह गई है। पहली बार दिवाली पर परिवहन निगम की आय में गिरावट आई है।