बद्दी औद्योगिक शहर के नंदपुर में एक फार्मा उद्योग में बिजली के शार्ट सर्किट के बाद लगी आग से पांच लाख का सामान जल गया
- फोटो : demo pic
बद्दी औद्योगिक शहर के नंदपुर में एक फार्मा उद्योग में बिजली के शार्ट सर्किट के बाद लगी आग से पांच लाख का सामान जल गया। शार्ट सर्किट के समय उद्योग में काम चल रहा था। आग लगने से उद्योग में जहरीला धुआं फैल गया।
उद्योग में कार्यरत करीब 30 कामगारों ने भवन से भागकर अपनी जान बचाई। जानकारी के अनुसार हादसा दोपहर बाद 3:10 बजे हुआ। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग बद्दी ने आग पर काबू किया।
आग उद्योग के पहली मंजिल में रखी ड्रॉयर मशीन में लगी। यहां दवा बनाने के लिए पाउडर के साथ आईसो प्रोपाइल एल्कोहल को मिलाया जाता है। इस एल्कोहल में आग से उद्योग के भीतर जहरीला धुआं फैल गया।
इस कारण दमकल विभाग के मौके पर पहुंचने के बाद सीओटू से भरे वाहन और सांस लेने की विशेष किट को प्रयोग के लिए लाना पड़ा। दमकल विभाग के लीडिंग फायरमैन राजेश कुमार, डीडी ठाकुर ने बताया कि उद्योग में आग लगने से पांच लाख का नुकसान हुआ है।