फेविकोल बनाने वाली कंपनी में एक कामगार की लिफ्ट में फंसकर मौत हो गई। कामगार कंपनी के ठेकेदार के पास एक दशक से कार्य कर रहा था।
मृतक गुरवचन सिंह निवासी दून विस क्षेत्र के पिछड़ी पंचायत नालका के दोछणू गांव का रहने वाला था। मृतक अपने पीछे चार बेटियां, एक बेटा और पत्नी को छोड़ गया है।
कामगार गुरवचन सिंह दूसरी मंजिल से ट्राली में सामान रख कर नीचे उतार रहा था। इसी दौरान अचानक लिफ्ट चल पड़ी। इस कारण वह लिफ्ट की चपेट में आ गया।
सिर में चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। एएसआई सुरेश शर्मा ने बताया कि कामगार के सिर पर चोट लगी थी। लिफ्ट बीच में अटकी थी तथा मौके पर कामगार लिफ्ट में ही गिरा था।
इससे अंदाजा लगाया जा रहा लिफ्ट अचानक चली और कामगार उसके बीच में आ गया। एसपी बिशेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस ने फैक्टरी ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।