13 people found infected from dengue in BBN
नालागढ़ (सोलन)। बद्दी में डेंगू थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक दर्जन और रोगी डेंगू के आए हैं। नालागढ़ अस्पताल में पिछले एक सप्ताह के दौरान चार रोगी डेंगू के आए हैं। बद्दी क्षेत्र में डेंगू तेजी से फैल रहा है। बद्दी में पहले 22 लोग इसकी चपेट में आए थे लेकिन वीरवार को हुए टेस्ट में 13 नए रोगी और आए हैं।
वहीं 26 रोगी एक निजी अस्पताल में आए हैं। कुल रोगियों की संख्या 61 हो गई है। नालागढ़ में भी अब डेंगू के रोगी आना शुरू हो गए हैं। एक सप्ताह के भीतर चार रोगी आए हैं।
चिकित्सा खंड नालागढ़ के अंतर्गत हाल ही में डेंगू से जुड़े मामलों के चलते खंड चिकित्सा अधिकारी नालागढ़ डॉ. अजय पाठक ने क्षेत्रवासियों से एहतियात बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि डेंगू की बीमारी एक विशेष प्रकार के मच्छर के काटने से फैलती है तथा यह मच्छर खड़े पानी में पैदा होता है।
बारिश का पानी एकत्रित न होने दें लोग
क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास टायर, नारियल के खोल तथा खाली डिब्बों आदि में पानी को न रुकने दें। इसके अलावा घर के अंदर तथा बाहर भंडारित जल को सदैव ढक कर रखें। खंड चिकित्सा अधिकारी नालागढ़ ने कहा कि व्यक्तिगत सावधानी से डेंगू से बचाव संभव है, बशर्ते व्यक्ति आवश्यक सावधानी बरतें।
ये हैं डेंगू के लक्षण
तेज बुखार, सिर दर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द जैसी तकलीफों को हल्के में न लें तथा खुद इलाज करने की बजाय चिकित्सीय परामर्श लें। डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग पूर्णतया तर्क है है। क्षेत्रों में फॉगिंग के अलावा स्वास्थ्य विभाग की आमजन को जागरूक किया जा रहा है। बद्दी-नालागढ़ के नप के कार्यकारिणी अधिकारियों से क्षेत्र में फॉगिंग का कार्य में तेजी लाने को कहा गया है।