राज्य विद्युत परिषद पेंशनर्स कल्याण संघ ने मनाया पेंशन दिवस, विभिन्न समस्याओं पर की चर्चा
महंगाई भत्ता, एरियर, लीव इनकैशमेंट और ग्रेच्युटी के भुगतान की मांग
75 वर्ष से अधिक आयु वाले पेंशनर को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पेंशनर अपने काे ठगा सा महसूस कर रहा है। सरकार सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए संशोधित वेतनमान के देय की उचित व्यवस्था नहीं कर सकी है। इस कारण पेंशनरों में भारी रोष है। यह बात विद्युत परिषद पेंशनर्स कल्याण संघ के अध्यक्ष गोपाल सिंह ठाकुर ने बैठक में कही। उन्होंने कहा कि विद्युत परिषद प्रबंधक वर्ग ने एक जनवरी, 2016 के बाद सेवानिवृत्त पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं की है। प्रबंधन वर्ग 2016 के बाद से देय वित्तीय लाभों का भुगतान अभी तक पेंशनरों को नहीं कर सका है। प्रदेश राज्य विद्युत परिषद पेंशनर्स कल्याण संघ ने फील्ड होस्टल रामपुर में पेंशनर दिवस पर बैठक की। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष गोपाल सिंह ठाकुर ने की। बैठक में रामपुर, रिकांगपिओ, भावानगर, ज्यूरी, सराहन, झाकड़ी, तकलेच, नोगली, ननखड़ी, आनी, नित्थर, जगातखाना, निरमंड और कुमारसैन क्षेत्र के सेवानिवृत्त कर्मचारी मौजूद रहे। पेंशनरों ने लंबित मांगों के पूरा न होने पर रोष जताया। उन्होंने मांग की है कि सरकार महंगाई भत्ता, संशोधित वेतनमान का एरियर, लीव इनकैशमेंट और ग्रेच्युटी का शीघ्र भुगतान कर पेंशनरों को राहत दे। बैठक में 75 वर्ष से अधिक आयु वाले सेवानिवृत्त पेंशनरों को फूलमाला, टोपी और मफलर से सम्मानित किया गया। बैठक में निर्णय लिया कि संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए अधिक से अधिक सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सदस्यता दी जाए। सचिव राकेश शर्मा ने कहा कि सरकार ने लंबित महंगाई भत्ते की किश्त का अभी तक भुगतान नहीं किया है। बैठक में फैसला लिया कि संगठन की अगली बैठक 24 मार्च, 2025 को होगी। इस दौरान मोलक राम, शिव शंकर, मोहन लाल, जगदीप, केदार ठाकुर, कुंभ दासी और लदी राम सहित अन्य उपस्थित रहे।