रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए चल रहे टीकाकरण अभियान को लेकर स्कूलों के विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह है। विद्यार्थी टीका लगवाकर खुद को सुरक्षित महसूस कर रह रहे हैं तो वहीं दूसरों को भी टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग भी टीकाकरण अभियान को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।
12 से 14 वर्ष के आयु वर्ग के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 70 प्रतिशत विद्यार्थियों का टीकाकरण किया जा चुका है, जबकि अन्य विद्यार्थियों का टीकाकरण किया जा रहा है। राहत की बात यह है कि एक सप्ताह से क्षेत्र में कोरोना संक्रमण का एक भी नया मामला सामने नहीं आया है। सरकार के निर्देशानुसार पर 16 मार्च से 12 से 14 आयु वर्ग के विद्यार्थियों का टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। स्वास्थ्य खंड रामपुर में इस आयु वर्ग के 1700 विद्यार्थियों का टीकाकरण किया जा चुका है।
गर्मियों में अवकाश वाले स्कूलों में परीक्षाओं के चलते टीकाकरण अभियान तय समय में पूरा नहीं हो पा रहा जबकि सर्दियों के अवकाश वाले स्कूलों में टीकाकरण अभियान का लक्ष्य पूरा किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त 15 से 18 वर्ष के युवाओं का 100 प्रतिशत टीकाकरण किया जा चुका है। इस आयु वर्ग के 5260 युवाओं का टीकाकरण किया गया है। वहीं 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। संक्रमण से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने का आह्वान किया है।
क्या कहते के विद्यार्थी
कन्या स्कूल रामपुर की आठवीं कक्षा की छात्रा बेबी ने बताया कि पहला टीका लगवाते समय उनके मन में घबराहट थी लेकिन टीकाकरण के बाद वह बेहतर महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी है। बेबी ने 12 से 14 आयु वर्ग के अन्य विद्यार्थियों से भी टीका लगवाने की अपील की है।
शाइनिंग स्टार स्कूल की छात्रा एकाचिता शर्मा ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी है। सभी विद्यार्थियों को टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए अपना सहयोग देना चाहिए। सौ फीसदी टीकाकरण से ही कोरोना महामारी से बचाव संभव है। इसको देखते हुए हम सभी को इस अभियान को आगे बढ़ाना होगा।
छात्र लक्की ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण बेहद जरूरी है। कोरोना महामारी की गंभीरता को देखते हुए सभी विद्यार्थियों को अवश्य रूप से टीका लगवाना चाहिए। टीकाकरण से ही संक्रमण से बचाव हो सकता है। इसके साथ ही हमें इस बारे में अन्य लोगों को भी जागरूक करने की जरूरत है।
कोट्स
खंड चिकित्सा अधिकारी रामपुर डॉ. आरके नेगी ने कहा कि कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए सभी लोगों की भागीदारी जरूरी है। संक्रमण से निपटने के लिए टीकाकरण ही एकमात्र उपाय है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य खंड में 12 से 14 वर्ष के विद्यार्थियों का टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने उपमंडल के लोगों से कोविड गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है।