रामपुर बुशहर।
नगर परिषद हाल में बुधवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा समर्थित तीन पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस दौरान पार्टी से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह में तहसीलदार रामपुर विपिन ठाकुर ने सुधांशु कपूर, कमल स्वरूप और अनु कुमार गोस्वामी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण करने के बाद तीनों मनोनीत पार्षदों का समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। भाजपा नेता प्रेम सिंह द्रैक सहित मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनको बधाई दी। समारोह के बाद तीनों पार्षदों ने भाजपा शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद रामपुर में सफाई व्यवस्था, रास्तों की हालत सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए वे हमेशा प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा जा रहा है, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। समारोह के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मनोनीत पार्षदों ने रामपुर बाजार में रैली निकालकर जनता अभिवादन किया। कार्यकर्ताओं ने रामपुर नगर परिषद से गांधी पार्क तक रैली निकाल और लड्डू बांटकर खुशी जाहिर की। इस दौरान नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी, विनय शर्मा, किन्नू प्रधान यशपाल चौहान, बालक राम जोशी, भाजपा मंडल के पदाधिकारी और नगर परिषद के पार्षदों सहित अन्य लोग मौजूद रहे।