गोहर/बालीचौकी (मंडी)। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को गृह विस क्षेत्र के थाची में जनसभा में बालीचौकी में एसडीएम कार्यालय खोलने और थाची को उपतहसील बनाने की घोषणा की। वोल्टेज की समस्या को देखते हुए थाची में 33केवी विद्युत सब स्टेशन, बालीचौकी में उद्यान विकास अधिकारी कार्यालय और कृषि विभाग के विषयवाद विशेषज्ञ के कार्यालय खोलने का एलान किया।
सीएम ने काऊ पंचायत के शिलही लारजी में प्राथमिक पाठशाला, काऊ प्राथमिक पाठशाला को मिडल और मानी हाई स्कूल को जमा दो, सोमगाड़ पंचायत की विशेष बस्ती ड्डमसेट के लिए प्राथमिक पाठशाला, मिडल स्कूल शालागाड़ को हाई स्कूल, बागी भनवास हाई स्कूल को जमा दो करने की घोषणा की। उन्होंने सोमगाड़ में वन विभाग की निरीक्षण कुटीर, बागी भनवास में सेरी कल्चर इकाई, तांदी गागण ढिंगली और खही धार से ढूंज सड़क को पक्का करने की घोषणा की।
उन्होंने गिरडा खड्ड पर पुल, बसूट पंचायत में थाची से बिझड सड़क को पक्का करने की घोषणा की। सीएम ने थाची में डिग्री कॉलेज भवन बनाने और थाची को ईको टूरिज्म से जोड़ने का एलान किया। उन्होंने लारजी में वाटर स्पोर्ट्स और कैफेटेरिया बनाने, थाची में मार्केट बनाने की घोषणा की। उन्होंने गुराण पंचायत में वन विभाग का हट, सेरी भटवाड़ा स्कूल को हाई स्कूल को जमा दो करने और डिडर पंचायत में पशु औषधालय खोलने का एलान किया। सीएम की घोषणाओं से गदगद थाची और आसपास के लोगों ने आतिशबाजी कर उनका स्वागत किया। इन मौके पर सराज भाजपा नेता पितांबर ठाकुर, टिकम ठाकुर, कमल राणा, डीसी मंडी अरिंदम चौधरी, एसपी शालिनी अग्निहोत्री समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सोमी देवी को एक लाख की दी आर्थिक मदद
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान मलौट के वसान गांव की सोमी देवी की खराब आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। उन्होंने सोमी देवी को यह आर्थिक सहायता उनके पांच पोते-पोतियों के पालन-पोषण के लिए प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। सोमी देवी ने आर्थिक सहायता के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
000