मंडी। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की मंडी जिला कमेटी की बैठक तारा चंद भवन में हुई। बैठक में महंगाई, बेरोजगारी, किसान आंदोलन, फोरलेन प्रभावितों की मांगों का मुद्दा उठा। बैठक की अध्यक्षता माकपा के राज्य सचिव डॉ. ओंकार शाद ने की।
उन्होंने कहा कि आए दिन मजदूरों, किसानों और आम लोगों की समस्या बढ़ती जा रही है। देश में भुखमरी, बेरोजगारी, गरीबी, अशिक्षा, असमानता और महंगाई बढ़ रही है। रसोई गैस सिलिंडर 1000 रुपये का मिल रहा है तो वहीं पेट्रोल 106 रुपये लीटर मिल रहा है।
सरसों तेल और दालों में बढ़ोतरी परेशान करने वाली है। जिला कमेटी बैठक में माकपा जिला सचिव कुशाल भारद्वाज ने कहा कि एक सप्ताह में माकपा सभी विधानसभा क्षेत्रों और सभी लोकल कमेटी क्षेत्र में पार्टी की विस्तारित बैठकें आयोजित करेगी।
इसके बाद नुक्कड़, पंचायत और बूथ स्तर पर भी बैठकें आयोजित कर इन मुद्दों पर प्रचार किया जाएगा। इस अवसर पर भूपेंद्र सिंह, जयवंती, महेंद्र राणा, राजेश शर्मा, सुरेश सरवाल, जोगिंदर वालिया, रविकांत, भीम सिंह, सुनीता ठाकुर, वीना वैद्य, दिनेश काकू, संजय जंवाल, गोपेंद्र, रीना शर्मा, प्रकाश चंद, प्रोमिला देवी, बुद्धि सिंह सहित विभिन्न लोकल कमेटियों के सदस्यों ने भी हिस्सा लिया।
000