टेस्ट मैच से पर्यटन कारोबार को पंख लगने की उम्मीद
इस वीकेंड पर पर्यटकों से वीरान रही पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। लंबे समय से मंदी की मार झेल रहे पर्यटन कारोबार को अब एक बार फिर एचपीसीए स्टेडियम में होने वाले मैच से पटरी पर लौटने की आस बंधी है। गत साल आपदा के जख्म झेलने वाले पर्यटन कारोबार के लिए एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में खेले गए आईसीसी वनडे क्रिकेट विश्व कप के मैचों ने मरहम का काम तो किया था, लेकिन इसके बाद क्रिसमस और नववर्ष के अलावा पर्यटन कारोबार को रफ्तार नहीं मिल पाई है। ऐसे में अब सात मार्च को एचपीसीए स्टेडियम में होने वाले भारत-इंग्लैंड टेस्ट मैच को लेकर पर्यटन कारोबार को पंख लगने की उम्मीद है।
साथ ही आठ-नौ और दस मार्च को छुट्टियां होने के चलते अब पर्यटन कारोबारियों को आस जरूर बंधी है। इस वीकेंड की बात की जाए तो इस वीकेंड पर बारिश और निचले राज्यों में भी परीक्षाओं के चलते होटल बुकिंग बहुत कम रही है।
गर्मी का मौसम पर्यटन कारोबार के लिए बनेगा संजीवनी
मार्च में गर्मी की दस्तक की उम्मीद लगाए होटल कारोबारियों का कहना है कि मैच के बाद गर्मी का मौसम शुरू होने से भी पर्यटन कारोबार को काफी हद तक राहत मिलेगी। गर्मी के सीजन में निचले राज्यों में छुट्टियां होने और मौसम खुलने से पर्यटन कारोबार को काफी हद तक राहत जरूर मिलेगी।
इस वीकेंड पर होटल कारोबार मंदा ही रहा है। हालांकि भारत-इंगलैंड टेस्ट मैच और गर्मी का दौर शुरू होने के बाद होटल कारोबार को काफी हद तक राहत मिलेगी। - अश्वनी बांवा, अध्यक्ष, होटल एसोसिएशन धर्मशाला।