धर्मशाला/खैरा (कांगड़ा)। जिले भर के गुरुद्वारों में गुरु नानक देव का 552वां प्रकाशोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान गुरुद्वारों में शबद कीर्तनों का आयोजन हुआ, वहीं संगतों के लिए जलेबी और खीर के साथ लंगर की भी व्यवस्था की गई थी।
धर्मशाला स्थित गुरुद्वारा साहिब में सुबह से ही संगतों की भीड़ जुटी रही। वहीं, जयसिंहपुर उपमंडल के टटरोडा (जालग) स्थित गुरुद्वारा टटरोड़ा साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब का शुभारंभ, मिशनरी कॉलेज आनंदपुर साहिब से रागी जत्थे की ओर से किया गया।
शाम को रागी जत्थे ने भव्य कीर्तन दरबार का आयोजन कर मौजूद संगत को निहाल किया। आज निशान साहिब की सेवा सुबह 9:00 बजे से 10:00 बजे तक की गई। उसके बाद कीर्तन दरबार 10:00 बजे से 12:00 बजे तक हुआ तथा भोग के बाद 12 बजे से अटूट लंगर सजा। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष सुदर्शन सिंह और मिलाप सिंह ने कमेटी की ओर से सभी इलाकावासियों को गुरुपर्व की बधाई दी गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आभार प्रकट किया। इस अवसर पर विधायक रविंद्र कुमार, जिला पार्षद संजय राणा, सुदर्शन, मिलाप कुलवंत, अनिल, विपिन, रविंद्र, संतोख सिंह सहित सैकड़ों की संगत ने गुरुद्वारे में शीश नवाकर आशीष लिया।