धर्मशाला। जिला कांगड़ा में शुक्रवार को आठ छात्रों समेत कोरोना संक्रमित मरीजों के 26 मामले सामने आए हैं। इसके अलावा एक मरीज की संक्रमण के कारण मौत हुई है, जबकि 59 मरीज स्वस्थ हुए। संक्रमितों में अपर टीसीवी धर्मशाला के छह स्टूडेंट्स और एक स्टाफ सदस्य, नंदरुल जीएवी एसएसएस कांगड़ा के दो छात्रों सहित विभिन्न क्षेत्रों से लोग संक्रमित पाए गए हैं।
सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि दौलतपुर कांगड़ा के 56 वर्षीय व्यक्ति जो कि मिलिट्री अस्पताल योल में उपचाराधीन था, उसकी कोरोना संक्रमण के कारण मौत हुई है। वहीं, जिले में अब तक 51,602 कोरोना संक्रमित मरीजों के मामले आ चुके हैं। इनमें से 50,063 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, वर्तमान में एक्टिव केस 371 हैं तथा 1,163 मरीजों की मौत हो चुकी है।