बैजनाथ के शिव मंदिर में सावन माह के दूसरे सोमवार को शिवलिंग के दर्शनों के लिए लाइनों में लगे श्रद?
- फोटो : Kangra
बैजनाथ (कांगड़ा)। सावन माह के दूसरे सोमवार को ऐतिहासिक शिव मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने माथा टेका। पहले सोमवार की अपेक्षा दूसरे सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या का आंकड़ा अधिक रहा।
मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए सुबह चार बजे खोल दिए गए थे। सुबह बारिश होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या कम रही, जबकि दस बजे के बाद मौसम के साफ हो जाने पर श्रद्धालुओं की लाइनें लगनी शुरू हो गईं थीं। शाम तक श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला चलता रहा। कोरोना बंदिशों के चलते भंडारे का आयोजन नहीं हुआ। मंदिर में कोविड नियमों की पालना के लिए पुलिस तैनात रही। बारिश के चलते कम संख्या में लोगों ने खीर गंगा घाट में स्नान किया।
मंदिर में वाटर प्रूफ टेंट की सुविधा न होने से लाइन में लगे श्रद्धालु छाता लेकर खड़े रहे। पहले सोमवार की तरह दूसरे सोमवार को भी मंदिर की सजावट नहीं हो सकी। मंदिर के गर्भ गृह को ही फूलों से सजाया गया था। हालांकि, लोगों और धार्मिक संस्थाओं के विरोध के बाद मंदिर न्यास ने मंदिर की सजावट और वाटर प्रूफ टेंट के लिए टेंडर आमंत्रित कर लिए हैं। अब आगामी दो सोमवार के मेलों के दौरान मंदिर की सजावट पूर्व की भांति की जाएगी। मंदिर अधिकारी पवन ठाकुर ने बताया कि आगामी दो सोमवार के मेलों के लिए मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा।