धर्मशाला। उपायुक्त कार्यालय परिसर धर्मशाला में अब आधार केंद्र सात दिन खुला रहेगा, जिससे लोगों को आधार संबंधी त्रुटियां दूर करने में असुविधा नहीं होगी।
उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि नया आधार पहचान पत्र बनाने से लेकर आधार में नाम संशोधन तथा अन्य त्रुटियों को सही करवाने के लिए लोगों को बेहतर सुविधा देने के लिए ही उपायुक्त कार्यालय परिसर में आधार केंद्र खोला गया है। कई लोगों को छुट्टी वाले दिन ही इन कार्यां के लिए समय मिलता है, जिसके चलते ही अब रविवार के दिन भी आधार केंद्र खुला रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर संचालित किए जा रहे लोक मित्र केंद्रों में विभिन्न कार्यों के लिए शुल्क निर्धारित किए गए हैं, विभिन्न सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क की रेट लिस्ट भी प्रदर्शित करना जरूरी किया गया है।
जिंदल ने कहा कि लोक मित्र केंद्रों के माध्यम से विभिन्न ऑनलाइन सेवाएं उपभोक्ताओं को सस्ती दरों पर उपलब्ध करवाने का प्रयास किया गया है, जिससे लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। इसके साथ ही विभिन्न फार्म भी लोक मित्र केंद्रों में डाउनलोड किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आम जनमानस को लोक मित्र केंद्रों का लाभ उठाना चाहिए तथा लोक मित्र केंद्रों के संचालकों को भी निर्धारित शुल्क ही लेने के निर्देश दिए गए हैं।