भड़ोली के किसानों ने उठाई सब्जी मंडी खोलने की मांग
बंपर फसल के बावजूद किसानों को नहीं मिलता फसल का उचित मूल्य : आरती
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। ज्वालामुखी क्षेत्र की ग्राम पंचायत भड़ोली, अधबानी और आसपास के क्षेत्रों के किसानों ने विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला से सब्जी मंडी खोलने की मांग की है।
किसानों का कहना है कि भड़ोली क्षेत्र में लगभग 95 प्रतिशत लोग खेतीबाड़ी करते हैं। किसान ब्यास नदी के किनारे उपजाऊ भूमि में बंपर फसल उगाते हैं, लेकिन उचित मूल्य नहीं मिल पाता है। पंचायत समिति सदस्य एवं समाजसेविका आरती राणा ने कहा कि किसान को खून-पसीने की कमाई न मिले तो खेतीबाड़ी करने से क्या लाभ। क्षेत्र की सैकड़ों कनाल भूमि बिना खेतीबाड़ी के लिए खराब हो रही है। यदि किसान गेहूं, मक्की व अन्य फसलें लगाता है, तो लावारिस पशु, जंगली जानवर और पक्षी नुकसान पहुंचाते हैं। यदि यहां सब्जी मंडी बनेगी, तो किसान अपने उत्पाद को उचित मूल्य पर बेच सकते हैं।