धर्मशाला/शाहपुर। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निक्षय दिवस के अवसर पर शाहपुर के चंबी मैदान में विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें करीब 300 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसके बाद रेड रिबन क्लब के सदस्यों ने मानव शृंखला बनाकर लोगों को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से दौड़ प्रतियोगिता करवाई गई। महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में अदिति चौधरी प्रथम, सिया द्वितीय और कनिका तृतीय रहीं। पुरुष वर्ग में विजय, नमिश और रोहित ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान पाया। 400 मीटर जूनियर लड़कों की दौड़ में सूजल प्रथम, आयुष द्वितीय और अरमान कपूर ने तृतीय स्थान हासिल किया।
महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में नैंसी चौधरी ने प्रथम, अदिति चौधरी ने द्वितीय और संगम ने तृतीय स्थान पाया। पुरुष वर्ग की 1600 मीटर दौड़ में रवि राणा ने प्रथम, जोनी ने द्वितीय और लक्की ने तृतीय स्थान हासिल किया। 4x400 मीटर की रिले रेस में नमिश, विजय, सोनू और शिवम की टीम प्रथम रही।
कार्यक्रम में उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मुख्यातिथि के रूप में विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश सूद ने लोगों को एड्स, टीबी और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि हर महीने 24 तारीख को निक्षय दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. राजेश गुलेरी, बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता ठाकुर और जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनुराधा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।