नादौन में ब्यास नदी के पुल पर लगी जाली पर चढ़ा व्यक्ति।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन। नगर पंचायत नादौन में मंगलवार सुबह ब्यास पुल पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब सैर कर रहे लोगों को एक व्यक्ति नदी की ओर लोहे की जाली के साथ लटका हुआ दिखाई दिया। यह व्यक्ति पुल से छलांग लगाने का प्रयास कर रहा था।
लोगों की सूचना पर एक बैंक कर्मी अशोक कुमार वहां पहुंचे और उन्होंने नगर पंचायत प्रधान तरुण कपिल को इसकी सूचना दी। कुछ ही देर में वहां पार्षद मोहन लाल व अन्य लोग भी पहुंच गए और सब ने बड़ी कठिनाई से उसे समझा बुझाकर पुल के ऊपर लगे लोहे के जंगले से नीचे उतारा। इस दौरान नादौन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उक्त व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम 38 वर्षीय पवन कुमार निवासी ग्राम सरेहड़ी बताया। पवन ने कहा कि वह सोमवार रात को ही पुल के ऊपर लगा जंगला फांद कर नदी की ओर लटक गया था, परंतु अंधेरे में उसे नीचे कुछ नहीं दिखाई दे रहा था। उसने कहा कि कुछ लोग जबरन उसकी निजी भूमि खरीदना चाहते हैं। जिससे परेशान होकर वह आत्महत्या करने निकला था।
पवन ने कहा कि वह अविवाहित है और मेहनत मजदूरी कर अपना पेट पालता है, उसके घर में और कोई भी नहीं है। मंगलवार सुबह नदी की तरफ उसे लटका देख कर सैर करने निकले कई लोग डर के मारे वहां से भाग खड़े हुए। एक युवक ने कहा कि उसने पुल से गुजरते हुए सुबह करीब तीन बजे उसे देखा परंतु उसे देखकर वह इतना घबरा गया कि किसी को भी कुछ नहीं बता सका। अतिरिक्त थाना प्रभारी चुन्नीलाल ने कहा कि व्यक्ति को संबंधित पंचायत के हवाले कर दिया गया है।