हमीरपुर। गैर हिमाचलियों को सरकारी विभागों में नौकरियां देने पर कांग्रेस कमेटी भड़क उठी है। बाहरी व्यक्तियों को नौकरियां देने के मुद्दे पर भाजपा सरकार के विरुद्ध कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिला मुख्यालय में जोरदार नारेबाजी की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र जार के नेतृत्व में गांधी चौक हमीरपुर में धरना भी दिया गया।
इस अति संवेदनशील मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने उपायुक्त हमीरपुर के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंपा। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और उनके एक पसंदीदा मंत्री के संयुक्त षड्यंत्र से सरकारी नौकरियों का बहुत बड़ा हिस्सा इन दोनों के चुनाव क्षेत्र के लोगों में ही बांटा गया है। हमीरपुर जिले के एनआईटी संस्थान में किस प्रकार से बाहरी लोगों को नौकरियां दी गईं, इसका भी जिक्र है। अब तो प्रदेश सरकार की ओर से बड़े पैमाने पर उन लोगों के हकों की तिलांजलि देकर प्रदेश भाजपा सरकार बाहरी लोगों को नौकरियों की खरीद-फरोख्त में लगी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में वर्तमान भाजपा सरकार की ओर से प्रदेश में लाखों पढ़े-लिखे बेरोजगार नौजवानों के हितों के साथ कुठाराघात किया जा रहा है।
जिला अध्यक्ष ने बताया कि लोक निर्माण विभाग में 26 जेई की भर्ती की गई, जिसमें 16 लोग बाहरी राज्यों से नियुक्त किए गए हैं। प्रदेश के लोगों ने यह सरकार अपने हितों को सुरक्षित रखने और राहत पहुंचाने के लिए चयनित की थी। यहां तो उल्टे बाड़ ही खेत को खा रही है। राज्यपाल से आग्रह किया गया कि इस प्रक्रिया के अंतर्गत दी गई नौकरियों को निरस्त करने के लिए सरकार पर दबाव डालें। इस मौके पर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, पूर्व विधायक अनीता वर्मा व कुलदीप पठानिया, कमल पठानिया, प्रदेश प्रवक्ता दीपक शर्मा, प्रेम कौशल, नरेश ठाकुर, अंशुल शर्मा, बृजमोहन सोनी, सुरेश पटियाल, अखिलेश चौधरी, तेज नाथ, दर्शनपाल, सुदर्शन शर्मा, लेखराज ठाकुर, अजय शर्मा, डॉ रतन डोगरा, नीलम ठाकुर, विक्रम शर्मा, अश्वनी शर्मा, चंदन ठाकुर, मनजीत सिंह, मनोहर लाल, कृष्ण चंद, देवेंद्र राणा, युवा कांग्रेस के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।