बाबा बालक नाथ मंदिर में दर्शनों के लिए पहुंचा श्रद्धालुओं का जत्था
बिझड़ी (हमीरपुर)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बालयोगी बाबा बालक नाथ के दरबार में चैत्र मेले की खूब रौनक देखने को मिल रही है। देश विदेश से श्रद्धालु बाबा के दरबार में शीश नवाने के लिए पहुंच रहे हैं। चिलचिलाती धूप में बाबा के दर्शनों के लिए हर रोज हजारों श्रद्धालु मंदिर में आ रहे हैं। जैसे-जैसे चैत्र मेले के समापन का समय नजदीक आता जा रहा है, बाबा के भक्तों की भीड़ निरंतर बढ़ती जा रही है। चैत्र मेले का चौथा रविवार होने के चलते शनिवार को ही शाहतलाई और बाबा की नगरी में काफी संख्या में पंजाब के लुधियाना, अमृतसर, जालंधर, होशियारपुर के भक्तों के साथ-साथ विदेशों में रह रहे भारतीय मूल के बाबा के भक्त पहुंचे। मेलों के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की आवक से चारों तरफ दूधाधारी, पौणाहारी के गुणगान से धौलागिरी की पहाड़ियां गुंजायमान हैं।
रविवार को सुबह से ही भक्तों की लंबी-लंबी कतारें बाबा की गुफा के दर्शनों के लिए लग चुकी थीं और 30 हजार से अधिक बाबा के भक्तों ने बाबा की गुफा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। हालांकि, दिन के समय धूप और गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया लेकिन चिलचिलाती धूप भी श्रद्धालुओं के कदम नहीं रोक सकी। मंदिर अधिकारी धर्मपाल नेगी ने कहा कि मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने रविवार को शीश नवाया है। मेलों में श्रद्धालुओं की सहूलियत का ध्यान रखा जा रहा है।